नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को घोषणा की कि भारत में बेरोकटोक आवाजाही को प्रतिबंधित करने के लिए भारत और म्यांमार से लगी सीमा पर बाड़ लगाएगा. यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब बड़ी संख्या में म्यांमार के सैनिक जातीय संघर्षों से बचने के लिए भारत की ओर भाग रहे हैं.
अमित शाह ने असम पुलिस कमांडो की पासिंग आउट परेड में कहा, “म्यांमार के साथ भारत की सीमा को उसी तरह सुरक्षित किया जाएगा, जिस तरह से बांग्लादेश के साथ लगी सीमा को किया जा रहा है.”
मेघालय और असम के तीन दिवसीय दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री ने अपने दौरे के आखिरी दिन शनिवार को असम में पांच कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था.
पांच नवगठित असम पुलिस कमांडो बटालियन के पहले बैच की पासिंग आउट परेड को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने संपूर्ण भारत-म्यांमार सीमा पर बाड़ लगाने का निर्णय लिया है, जैसा कि बांग्लादेश के साथ सीमा पर किया गया है.’
भारत और म्यांमार पूर्वोत्तर के चार राज्यों-मिजोरम, नागालैंड, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में 1643 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं. FMR सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बिना कोई वीजा प्राप्त किए दूसरे देश के अंदर 16 किमी तक यात्रा करने की अनुमति देता है.
शाह ने कहा, ‘हमारी सरकार म्यांमार के साथ मौजूद मुक्त आवाजाही व्यवस्था (FMR) प्रावधान की फिर से जांच कर रही है और अब यह सुविधा, जो मुक्त आवाजाही की अनुमति देती है, बंद कर दी जाएगी.’
गौरतलब है कि पिछले तीन महीनों में म्यांमार सेना के लगभग 600 सैनिक भारत में घुस आए हैं. सरकारी सूत्रों ने कहा कि पश्चिमी म्यांमार राज्य रखाइन में एक जातीय सशस्त्र समूह अराकन आर्मी (एए) के उग्रवादियों द्वारा उनके शिविरों पर कब्जा करने के बाद उन्होंने मिजोरम के लांग्टलाई जिले में शरण ली.
सीमा पर बाड़ लगाकर भारत दोनों देशों के बीच फ्री मूवमेंट रिजीम (एफएमआर) को खत्म कर देगा. इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को जल्द ही दूसरे देश में प्रवेश के लिए वीजा की आवश्यकता होगी. एफएमआर को 1970 के दशक में लाया गया था क्योंकि भारत-म्यांमार सीमा पर रहने वाले लोगों के बीच पारिवारिक और जातीय संबंध हैं.
– एजेंसी
- ‘यूपी चुनाव में Gen Z उसी पार्टी को दे वोट जो शिक्षा-रोजगार दे’— अभिजीत दीपके का युवाओं से सीधा संदेश - November 26, 2026
- सपा का ‘सत्ताइस का संकल्प, पीडीए का प्रणपत्र’ जारी: महिलाओं को 40 हजार सालाना पेंशन, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और पुरानी पेंशन बहाली का वादा - November 26, 2026
- बल्केश्वर के श्री सर्वतोभद्र जिनालय में मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश, 27 नवंबर को होगा नवग्रह विधान - November 26, 2026