bjp leaders

मेयर- विधायक के साथ दर्जनों पार्षदों ने उड़ाई देह दूरी की धज्जियाँ, कोरोना पॉजिटिव मिलने पर मचा हड़कंप

HEALTH NATIONAL POLITICS REGIONAL

Mathura (Uttar Pradesh, India)। कान्हा की नगरी में  कोरोना का ग्राफ  लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन  मरीजों की संख्या  बढ़ने से  जिले के  चिकित्सा विभाग के साथ-साथ  जिले में  हड़कंप मचा हुआ है। मनोनीत पार्षदों की शपथ ग्रहण कार्यक्रम में बुधवार को जमकर नियमों  को ताक पर रखकर भीड़ जुटी । सोशल डिस्टेंस का भी मजाक बनाया गया। उसी दफ्तर में एक कर्मचारी की रिपोर्ट देर शाम कोरोना पॉजिटिव आई तो हड़कम्प मच गया। हालांकि निगम के अफसर संक्रमित के शपथ ग्रहण कार्यक्रम से अलग ही रहने की बात कर रहे हैं। बताया जा रहा है को यह संक्रमित व्यक्ति निगम के अन्य कर्मचारियों के संपर्क में आया था। निगम के अधिकारी अब उसके संपर्क में आए 16 अन्य कर्मचारियों को चिह्नित कर उनको क्वारंटाइन किए जाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को सूची सौंपने की बात कह रहे हैं। 

मनोनीत पार्षदों का शपथग्रहण था

दरअसल शासन द्वारा मथुरा-वृन्दावन नगर निगम में 10 पार्षद मनोनीत किए गए हैं। इनका शपथ ग्रहण कार्यक्रम बुधवार को मथुरा जनरलगंज स्थित कार्यालय में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर बलदेव से भाजपा विधायक पूरन प्रकाश उपस्थित रहे। नगरायुक्त रवींद्र मांदड़ और मेयर मुकेश आर्यबन्धु के साथ ही निगम के अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। निगम में 10 मनोनीत भाजपा पार्षदों को शपथ लेनी थी तो उन्हें बधाई देने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता और पार्षदों के शुभचिंतकों की भीड़ भी कार्यालय में एकत्रित हो गए।

नियमों का मखौल उड़ाया

इस कार्यक्रम में कोविड-19 के नियमों का अधिकारियों के सामने ही मखौल उड़ाया गया। यहां तक कि सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया गया। शपथ ग्रहण के बाद सामूहिक तौर पर भाजपा विधायक और मेयर के साथ मनोनीत पार्षदों और उनके शुभचिंतकों ने फोटो भी खिंचाई जिसमें ना तो विधायक जी ने मास्क लगाया हुआ था और ना ही ज्यादातर लोगों ने। निगम में अधिकारियों के सामने नियमों की धज्जियां उड़ाई गई लेकिन खुद नगरायुक्त भी भाजपा जनप्रतिनिधियों से नियमों का पालन करने को लेकर कुछ कहने की हिमाकत कर सके।

16 कर्मचारी होम क्वारंटाइन

जब निगम के एक कर्मचारी को रिपोर्ट पॉजिटिव आई है तो हड़कम्प मच गया। चर्चा है कि शपथ ग्रहण कार्यक्रम की कमान संभाल रहे कि निगम कर्मी संक्रमित के संपर्क में थे लेकिन अधिकारी ऐसा होने से इनकार कर रहे हैं। सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल का कहना है कि जनसूचना डेस्क पर कार्यरत एक कर्मचारी की रिपोर्ट कल शाम पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि जानकारी होने के बाद उनके संपर्क में आए 16 कर्मचारियों को चिन्हित कर गुरुवार सुबह सूचित कर दिया कि वो अपने-अपने घरों में होम क्वारंटाइन रहेंगे। साथ ही बताया कि इन लोगों की सूची सीएमओ मथुरा को भेजी गई है जिससे कि प्रोटोकॉल के तहत जो भी मेडिकल परीक्षण किया जाना है वो उनके द्वारा किया जाएगा।

संक्रमित कर्मियों का कार्यक्रम से लेना-देना नहीं उन्होंने बताया कि नगरायुक्त के आदेश से अपना कार्यालय तत्काल प्रभाव से बंद कर रहे हैं और प्रॉपर तरीके से सेनेटाइज करा रहे हैं। शपथ ग्रहण में संक्रमित या उनके संपर्क में आये अन्य कर्मियों के शामिल होने के सवाल पर उन्होंने बताया कि संक्रमित मिले कर्मचारी का उस कार्यक्रम से कोई लेना देना नहीं था और ना ही उस कार्यक्रम में वे उपस्थित रहे और ना ही उन्हें इस कार्यक्रम के सम्बन्ध में कोई जिम्मेदारी दी गई थी ।