उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चंपावत से विधानसभा उप चुनाव लड़ेंगे। खटीमा से विधानसभा चुनाव 2022 में खड़े होने वाले धामी को हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद भी भारतीय जनता पार्टी ने अपने इस युवा चेहरे पर भरोसा दिखाया। उन्हें दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई। अभी वे विधानसभा के सदस्य नहीं हैं। ऐसे में नियम के अनुसार उन्हें छह माह के भीतर उन्हें विधानसभा की सदस्यता लेनी जरूरी होगी। इसके लिए चंपावत विधायक कैलाश गहतोड़ी ने गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके साथ ही धामी के चुनाव लड़ने को लेकर चल रही राजनीतिक कयासबाजियों पर विराम लग गया।
सीएम पुष्कर सिंह धामी के लिए कई विधायकों ने अपनी सीट छोड़ने की पेशकश की थी। यह भी खबर आ रही थी कि कांग्रेस के किसी विधायक का इस्तीफा कराकर पुष्कर सिंह धामी को वहां से चुनाव लड़ाया जा सकता है। आखिरकार तमाम कयासबाजी पर विराम लगता दिख रहा है। कैलाश गहतोड़ी ने अपना इस्तीफा दे दिया है। विधायकी छोड़ने के बाद यह सीट खाली हो गई है और यहां पर चुनाव आयोग की ओर से अब विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू होंगी। माना जा रहा है कि सीएम पुष्कर सिंह धामी यहां से चुनाव लड़ेंगे। उनकी कोशिश जीत दर्ज करने की होगी।
भाजपा का मजबूत गढ़ है चंपावत
चंपावत को भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ माना जा सकता है। उत्तराखंड चुनाव 2022 में चंपावत में 50.26 फीसदी वोट पड़े थे। इस चुनाव में भाजपा के कैलाश गहतोड़ी ने कांग्रेस के हेमेश खार्कवाल को 5304 वोटों से हराया था। यह सीट अल्मोड़ा के तहत आती है। यहां से अजय टाम्टा सांसद हैं। अल्मोड़ा सीट पर अजय टाम्टा ने कांग्रेस के प्रदीप टाम्टा को 2,32,986 वोटों से हराया था। इससे माना जा रहा है कि इस सीट पर भाजपा को बढ़त मिल सकती है।
कैलाश गहतोड़ी ने दिया था संकेत
कैलाश गहतोड़ी ने पहले ही संकेत दिया था कि वे सीट छोड़ने जा रहे हैं। सीएम धामी ने भी केंद्रीय नेतृत्व को अपनी रिपोर्ट दे दी थी। अब तस्वीर साफ हो गई है। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने शानदार जीत हासिल की थी। कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था। 70 सीटों में बीजेपी ने 47 पर कब्जा जमाया था। कांग्रेस को मात्र 19 सीटों पर संतोष करना पड़ा। 4 सीटें निर्दलीयों के खाते में गई थी। कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक अपनी सीट हार गए थे।
-एजेंसियां
- FlexAds Media Private Limited: Empowering Indian Youth in the Digital Age - March 21, 2024
- “Rahul Kumar Bholla: Capturing Elegance Through the Lens – A Glimpse into the Glamorous World of RB Snapper” - February 11, 2024
- BJP ने जारी की कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों के नेताओं के भ्रष्टाचार की सूची - December 12, 2023