लखनऊ में Ashok Leyland के ईवी प्लांट का उद्घाटन कर बोले सीएम योगी, निवेश से परिणाम तक की यात्रा, यूपी बना निवेशकों की पसंद

REGIONAL

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को सरोजनी नगर क्षेत्र में Ashok Leyland के इलेक्ट्रिक वाहन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी भी उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने ई-बस में यात्रा कर प्लांट का निरीक्षण किया।

70 एकड़ में आधुनिक इकाई, ई-बस और ई-लोडिंग वाहनों का होगा निर्माण

करीब 70 एकड़ क्षेत्र में स्थापित इस अत्याधुनिक इकाई में ई-बस, ई-ट्रेवलर और ई-लोडिंग वाहनों का उत्पादन किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए निवेश के लिए हिंदुजा परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश में आए व्यापक और सकारात्मक बदलावों का प्रमाण है।

निवेश से परिणाम तक की यात्रा, यूपी बना निवेशकों की पसंद

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश के प्रत्येक जिले में निवेश पहुंच रहा है। यह दर्शाता है कि उत्तर प्रदेश अब केवल संभावनाओं का राज्य नहीं रहा, बल्कि संभावनाओं को ठोस परिणाम में बदलने वाला प्रदेश बन चुका है। उन्होंने बताया कि अब तक 45 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। बीते आठ वर्षों में बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कार्य हुए हैं, जिसके चलते देश के लगभग 55 प्रतिशत एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश में हैं। रैपिड रेल परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं और प्रदेश में करीब 18 हजार स्टार्टअप सक्रिय हैं।

आत्मनिर्भर भारत और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में अहम कदम

केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने कहा कि यह परियोजना न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे देश के लिए आत्मनिर्भर भारत और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के लक्ष्य को सशक्त करेगी। इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के राष्ट्रीय उद्देश्य को भी मजबूती मिलेगी।

प्रदेश की छवि बदली, औद्योगिक विकास को नई पहचान : राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जिस प्रकार प्रदेश का संचालन हो रहा है, उससे उत्तर प्रदेश की रेटिंग सहज ही “एक्सीलेंट” कही जा सकती है। उन्होंने अशोक लीलैंड की ईवी फैक्टरी को प्रदेश के औद्योगीकरण की दिशा में मील का पत्थर बताया।

निवेश से रोजगार, युवाओं को मिलेगा लाभ

राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को खराब कानून व्यवस्था और दंगों से जोड़कर देखा जाता था, लेकिन आज वही प्रदेश निवेश के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। बढ़ते निवेश से युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

रक्षा उत्पादन में भी अग्रणी बन रहा उत्तर प्रदेश

रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब BrahMos Missile का निर्माण किया जा रहा है। भारत अब अपने हथियार स्वयं बनाने वाला सशक्त राष्ट्र बन चुका है और इस दिशा में उत्तर प्रदेश की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कानून-व्यवस्था में हुए सुधारों को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इसके लिए बधाई दी।

Dr. Bhanu Pratap Singh