आगरा: ताजनगरी के बाह थाना क्षेत्र स्थित गांव चौरंगाहार में मंगलवार को एक तेहरवीं कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में बच्चों समेत करीब 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भट्टी के धुएं ने पैदा की हलचल
मिली जानकारी के अनुसार, गांव में एक परिवार में तेहरवीं के भोज की तैयारी चल रही थी। हलवाई भोजन तैयार करने के लिए भट्टियों में आग जला रहे थे। इसी दौरान भट्टियों से उठा घना धुआं पास ही के एक पेड़ पर जा पहुँचा, जहाँ मधुमक्खियों का एक विशाल छत्ता लगा हुआ था। धुएं और गर्मी से विचलित होकर मधुमक्खियां भड़क गईं और देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों पर हमला बोल दिया।
चीख-पुकार और भगदड़ का माहौल
अचानक हुए इस हमले से मौके पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मधुमक्खियों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। कई लोगों ने चादर और कपड़ों से खुद को ढंककर जान बचाने की कोशिश की, तो कुछ लोग सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़े।
5 लोग घायल, अस्पताल में इलाज जारी
मधुमक्खियों के इस हमले में 5 लोग बुरी तरह घायल हो गए। घायलों में छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें मधुमक्खियों ने चेहरे और हाथ-पैर पर कई जगह काट लिया। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में बच्चों को निजी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। गनीमत रही कि समय रहते लोगों ने बचाव किया, अन्यथा घायलों की संख्या और अधिक हो सकती थी।
इस घटना के बाद काफी देर तक गांव में दहशत का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने पेड़ के पास जाने पर फिलहाल पाबंदी लगा दी है।
- नीट आंदोलन में संविधान की प्रस्तावना सुनाकर वायरल हुए मोहम्मद इरफ़ान के परिवार से मिले राहुल गांधी, जानें कैसे AI की मदद से बनी उनकी पहचान - July 27, 2026
- Agra News: संजय प्लेस कपड़ा मार्केट में दर्दनाक हादसा, तीसरी मंजिल से गिरकर अज्ञात युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस - July 27, 2026
- आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी को बड़ी राहत: मंडलायुक्त ने 38 भवनों के ध्वस्तीकरण पर लगाई रोक, अगली सुनवाई तक कार्रवाई टली - July 27, 2026