Agra News: चैंबर चुनाव समिति ने घोषित किया कार्यक्रम, नामांकन 21 से 28 फरवरी तक, मतदान 14 मार्च को

स्थानीय समाचार

आगरा। उत्तर भारत की प्रतिष्ठित व्यापारिक संस्था ‘नेशनल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री’ के वर्ष 2026-27 के वार्षिक चुनाव का बिगुल बज चुका है। बुधवार को चैम्बर सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में चुनाव समिति ने विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा की। इस बार चैम्बर की कमान संभालने के लिए 14 मार्च को मतदान होगा, जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और कार्यकारिणी के कुल 36 पदों पर फैसला होगा।

अनुभव और अनुशासन की कड़ी कसौटी

चुनाव समिति के चेयरमैन मनीष अग्रवाल ने बताया कि इस बार पात्रता के नियम काफी सख्त हैं। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के लिए कम से कम 10 वर्ष की सदस्यता, 40 वर्ष की आयु और पूर्व में उपाध्यक्ष या कोषाध्यक्ष पद का अनुभव अनिवार्य है। साथ ही, किसी भी राजनीतिक दल के पदाधिकारी को चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं होगी।

​महत्वपूर्ण तिथियां और चुनावी कार्यक्रम

​नामांकन पत्रों का वितरण: 21 फरवरी से (चैम्बर कार्यालय)

नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि: 28 फरवरी, सायं 4 बजे तक

नामांकन पत्रों की जांच: 1 मार्च 2026

नाम वापसी की अंतिम तिथि: 9 मार्च, सायं 5 बजे तक

मतदान एवं परिणाम: 14 मार्च 2026 (प्रातः 10:30 से सायं 3 बजे तक)

मतदान स्थल: अग्रवन, वाटर वर्क्स, आगरा।

इन पदों पर होगा चुनाव

संविधान के अनुरूप 1 अध्यक्ष, 2 उपाध्यक्ष, 1 कोषाध्यक्ष और 32 कार्यकारिणी सदस्यों का चयन किया जाएगा। निर्वाचित टीम का कार्यकाल 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा। समिति ने सदस्यों से अपील की है कि वे 3 मार्च तक अपने डिजिटल पहचान पत्र दुरुस्त करा लें, क्योंकि बिना आईडी कार्ड के मतदान की अनुमति नहीं दी जाएगी।

प्रेसवार्ता के दौरान को-चेयरमैन श्रीकिशन गोयल, निवर्तमान अध्यक्ष संजय गोयल और पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh