आगरा: ताजनगरी को वैश्विक पटल पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में ‘सिस्टर सिटी’ (Sister City) पहल एक मील का पत्थर साबित हो रही है। सिस्टर सिटीज इंटरनेशनल के तहत अमेरिका से आए एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आगरा के ऐतिहासिक, धार्मिक और शैक्षिक केंद्रों का भ्रमण कर ब्रज की समृद्ध संस्कृति को नमन किया।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक, शैक्षिक और आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।
अकबरी चर्च में जाना गौरवशाली इतिहास
भ्रमण के अंतिम दिन प्रतिनिधिमंडल ने सेंट पीटर्स कॉलेज का दौरा किया। यहाँ फादर मिरांडा और फादर अल्बर्ट पिंटो ने मेहमानों का स्वागत किया। डेलीगेशन को वर्ष 1599 में मुगल बादशाह अकबर द्वारा बनवाए गए ऐतिहासिक ‘अकबरी चर्च’ के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक संवाद के जरिए विद्यार्थियों के लिए विदेश में शिक्षा के नए अवसरों पर भी चर्चा हुई।
गुरु का ताल में सेवा भावना की सराहना
धार्मिक भ्रमण के क्रम में अमेरिकी डेलीगेशन गुरुद्वारा गुरु का ताल पहुँचा। यहाँ बाबा प्रीतम सिंह ने डेलीगेट्स और सिस्टर सिटीज के डायरेक्टर डॉ. रोहित बंसल को सरोपा भेंट कर आशीर्वाद दिया। मेहमानों ने 24 घंटे चलने वाली लंगर सेवा और कोविड काल में गुरुद्वारे के योगदान की सराहना की। डेलीगेशन सदस्य एल. ब्रुक फाइल ने भारतीय सेवा और समर्पण की भावना को पूरी दुनिया के लिए प्रेरणादायक बताया।
ब्रज के रंग और अक्टूबर का आमंत्रण
शनिवार शाम ताज खेमा में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में अमेरिकी मेहमान ब्रज के मयूर नृत्य और सितार वादन की धुन पर झूम उठे। महापौर द्वारा आयोजित रात्रिभोज में अमेरिकी डेलिगेट्स ने पारंपरिक ब्रज व्यंजनों का लुत्फ उठाया।
कार्यक्रम के समापन पर अमेरिकी डेलीगेशन ने महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह और आगरा के प्रबुद्ध वर्ग को अक्टूबर में अमेरिका में आयोजित होने वाले फेस्टिवल में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
इस पूरे एक्सचेंज प्रोग्राम का समन्वय सिस्टर सिटीज इंटरनेशनल के डायरेक्टर डॉ. रोहित बंसल द्वारा किया जा रहा है, जो आगरा को एक ‘ग्लोबल सिटी’ बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
- लविश्का के जीवन की नई सुबह: आरबीएसके योजना के तहत दिल के छेद का हुआ मुफ्त ऑपरेशन, परिवार में लौटी खुशियां - August 19, 2026
- ताजमहल के हुस्न पर फिदा हुईं अंतरराष्ट्रीय सुंदरियां: Miss International 2025 कैटालिना ड्यूक और मिस इंटरनेशनल इंडिया रूश सिंधु ने किया दीदार - August 19, 2026
- प्रेम में स्वार्थ नहीं और समर्पण में कोई शर्त नहीं: कमला नगर में स्वामी गिरिशानंद सरस्वती के मुख से गूंजा श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह का प्रसंग - August 19, 2026