आगरा: ताजनगरी के लोहा व्यापारियों ने शहर की ऐतिहासिक ‘लोहामंडी’ में बढ़ती भीड़भाड़ और यातायात की समस्याओं को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नई लोहा मंडी स्थापित करने की मांग की है। प्रताप नगर स्थित बुर्जीवाला मंदिर में आयोजित आगरा लोहा व्यापारी एसोसिएशन की साधारण सभा और होली मिलन समारोह में व्यापारियों ने एकजुट होकर कारोबार के भविष्य पर मंथन किया।
भीड़भाड़ और ऑनलाइन ट्रेडिंग से व्यापार प्रभावित
एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान में लोहे का कारोबार मंदी के दौर से गुजर रहा है। ऑनलाइन ट्रेडिंग के बढ़ते चलन ने स्थानीय व्यापारियों के सामने कड़ी चुनौती पेश की है। महामंत्री दिनेश अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि मौजूदा लोहामंडी क्षेत्र में अत्यधिक भीड़भाड़ होने के कारण भारी वाहनों का आवागमन दूभर हो गया है। इस वजह से बड़े व्यापारी मंडी आने से कतराने लगे हैं, जिसका सीधा असर शहर के राजस्व पर पड़ रहा है।
सरकार से आधुनिक मंडी की मांग
एसोसिएशन ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की है कि आगरा में एक ऐसी नई और आधुनिक लोहा मंडी विकसित की जाए, जो मुख्य रास्तों से जुड़ी हो और जहां भारी ट्रकों की आवाजाही सुगम हो। व्यापारियों का मानना है कि बुनियादी सुविधाओं से लैस नई मंडी ही आगरा के लोहा कारोबार को दोबारा पटरी पर ला सकती है।
राधा-कृष्ण की फूलों की होली और सम्मान समारोह
व्यापारिक चर्चा के साथ-साथ समारोह में सांस्कृतिक छटा भी बिखरी। वृंदावन की रास मंडली द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की फूलों की होली आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों के मेधावी बच्चों का उत्साहवर्धन भी किया गया। कोषाध्यक्ष राकेश कुमार गोयल ने बताया कि लगभग 35 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेन्द्र मंगल, अंजुल जैन, संजय गोयल, आशीष अग्रवाल और मोहित गोयल सहित शहर के तमाम प्रमुख लोहा व्यापारी अपने परिवारों के साथ मौजूद रहे।
- यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 18 IPS अधिकारियों के तबादले, पुलिस मुख्यालय से लेकर PAC और EOW तक बदले गए अफसर - September 22, 2026
- बीजेपी सांसद कंगना रनौत के मामले की सुनवाई अब 7 अक्टूबर को: रिवीजन याचिका के निस्तारण तक बहस टालने के लिए वादी ने दिया प्रार्थना पत्र - September 22, 2026
- बाबा दुर्बलनाथ की जय-जयकार से गूंजा आगरा: संत शिरोमणि के 165वें जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब - September 22, 2026