गौरा के भाजपा में शामिल होने की बात गलतः भानु महाजन
नवनिर्वाचित महारौर ने स्वीकृति दे दी हैः चौ. उदयभान सिंह
डॉ. भानु प्रताप सिंह
Live Story Time
Agra, Uttar Pradesh, India. नगर निगम आगरा के वार्ड 74 से बहुजन समाज पार्टी का पार्षद गौरा देवी सिकरवार को लेकर भारतीय जनता पार्टी में रार हो गई है। भाजपा के महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने कहा है कि समाजवादी पार्टी, बसपा, कांग्रेस और भाजपा विद्रोही पार्षद को पार्टी में नहीं लिया जाएगा। इसके विपरीत उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने कहा है कि कोई हमें सहयोग दे रहा है तो उसे कैसे रोकेंगे। गौरा देवी की भाजपा में आने की स्वीकृति नवनिर्वाचित महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने दे दी है।
बता दें कि पार्षद ठा. गौरा देवी सिकरवार अपने पति अचल सिंह सिकरवार निवासी सिकंदरा के साथ उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह के जयपुर हाउस स्थित कार्यालय पर पहुंची। स्वयं को भाजपा में शामिल होने की बात कही। साथ ही भानु महाजन को पत्र लिखकर भाजपा में विधिवत शामिल करने का अनुरोध किया। इस पत्र में कहा गया है कि वे चौ. उदयभान सिंह के कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हो रही हैं।
लाइव स्टोरी टाइम ने इस समाचार को ब्रेक किया। समाचार वायरल होते ही नताओं के फोन खटकने लगे। हमने इस बारे में भाजपा महानगर अध्यक्ष भानु महाजन से बात की तो उन्होंने कहा- नगर निगम में हमारे पास बहुमत है। अभी सपा, बसपा के किसी पार्षद को शामिल नहीं किया जाएगा। जब उनसे कहा गया कि गौरा देवी तो भाजपा में शामिल हो गई हैं तो उन्होंने कहा कि मैंने तो किसी को शामिल नहीं किया है। गौरा देवी बसपा की पार्षद हैं और उन्हें भाजपा में शामिल नहीं किया गया है। किसी को पार्टी में नहीं लिया जाएगा। यह पूछे जाने पर भाजपा के विद्रोही पार्षदों को तो शामिल करेंगे तो उन्होंने स्पष्ट कहा- अभी किसी को शामिल नहीं करेंगे। पार्टी कार्यकारिणी इस पर विचार करेगी।
हमने इस बारे में चौ. उदयभान सिंह से बात की तो उन्होंने कहा- कोई जो हमारा था, हमारा है, आगे भी रहेगा, यदि वह भटकने के बाद जीतकर आया है, हमारी नीतियों, कार्यों को सहयोग करेगा तो कैसे रोकेंगे। नहीं रोकना चाहिए। आगरा के 15 राजनेता, जिनमें सांसद, विधायक, नवनिर्वाचित मेयर भी शामिल हैं, पहले कहीं और थे और आज हमारे हैं। गौरा देवी ने भाजपा से टिकट मांगी थी लेकिन नहीं मिली। वे बसपा के चुनाव चिह्न पर जीतकर आई हैं और हमें सहयोग कर रही हैं तो कैसे रोक लेंगे। गौरा देवी को भाजपा में शामिल करने के संबंध में महापौर ने स्वीकृति दे दी है। गौरा देवी ने पार्टी से विधिवत स्वीकृति मांगी है।
- 20 हजार से साधे जाएंगे यूपी के महिला वोटर? चुनाव से पहले भाजपा के इस प्लान ने बढ़ाई सियासी हलचल! - November 25, 2026
- मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे कॉरिडोर पर 2,913 करोड़ की अमेरिकी परियोजना का शिलान्यास; सीएम योगी ने किया वर्चुअल शुभारंभ - November 25, 2026
- सीट शेयरिंग की बातचीत के बीच सपा का बड़ा दांव: यूपी चुनाव 2027 के लिए जारी की 5 उम्मीदवारों की पहली सूची - November 25, 2026