लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक का सबसे अहम फैसला किसानों के हित में लिया गया, जिसमें सरकार ने गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में 160 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को मंजूरी दी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में किसानों, ऊर्जा और निवेश से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने फैसलों की जानकारी दी। कैबिनेट बैठक में कुल 37 प्रस्ताव लाए गए, जिनमें से 2 प्रस्ताव स्थगित कर दिए गए। इनमें चीनी उद्योग और लखीमपुर खीरी से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल भारत सरकार द्वारा निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये प्रति क्विंटल अधिक है। उन्होंने बताया कि गेहूं खरीद मार्च से 15 जून तक की जाएगी। राज्य के सभी 75 जिलों में 6500 क्रय केंद्र बनाए जाएंगे और 8 एजेंसियों के माध्यम से खरीद होगी।
इन एजेंसियों में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई), यूपी मंडी परिषद, पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस, नैफेड और एनसीसीएफ शामिल हैं। ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि सरकार ने दुमका (झारखंड) में 2242.90 करोड़ रुपये में कोल ब्लॉक खरीदा है। इससे घाटमपुर स्थित 660 मेगावाट की तीन यूनिटों को कोयला मिलेगा।
उन्होंने कहा कि अभी कोयला दूर से मंगाना पड़ता है, लेकिन झारखंड से आपूर्ति होने पर बिजली उत्पादन सस्ता होगा और उपभोक्ताओं को करीब 80 पैसे प्रति यूनिट तक सस्ती बिजली मिल सकेगी। राज्य सरकार ने सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए नई नीति को मंजूरी दी है।
अयोध्या को सोलर सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है, जबकि सभी नगर निगमों को भी सोलर सिटी बनाने की योजना है। इसके अलावा गोरखपुर के चिलुआ ताल में सोलर प्लांट लगाया जाएगा, जिसे कोल इंडिया लिमिटेड स्थापित करेगी। इसके लिए सरकार ने 80 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि निजी बिजनेस पार्क निर्माण योजना को मंजूरी दी गई है, जिससे निवेश को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही संभल में इंटीग्रेटेड लॉजिस्टिक सेंटर विकसित किया जाएगा, जिसे निवेशकों को सौंपा जाएगा। सरकार का कहना है कि इन फैसलों से उत्तर प्रदेश में कृषि, ऊर्जा और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
बैठक में कुल 37 प्रस्ताव प्रस्तुत
बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने संयुक्त रूप से निर्णयों की जानकारी दी। कैबिनेट बैठक में कुल 37 प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, जिनमें से दो प्रस्तावों को फिलहाल स्थगित कर दिया गया और 35 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।
160 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को मंजूरी
बैठक का सबसे अहम फैसला किसानों के हित में लिया गया, जिसमें सरकार ने गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 160 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को मंजूरी दी। इस निर्णय से किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि इस बढ़ोतरी से कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और किसानों की आय में इजाफा होगा।
खासतौर पर उत्तर प्रदेश के लाखों किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। कैबिनेट के अन्य प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें विभिन्न विभागों से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं। सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी स्वीकृत प्रस्तावों को तय समय सीमा में लागू किया जाए।
गोरखपुर बनेगा सोलर सिटी:
गोरखपुर में 80 एकड़ जमीन पर फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगाया जाएगा, जिसे कोल इंडिया लिमिटेड स्थापित करेगा। इससे शहर को सोलर सिटी बनाने में मदद मिलेगी।
लखनऊ में मेगा प्रोजेक्ट:
लखनऊ के वृंदावन योजना में 10 हजार लोगों की क्षमता वाला कन्वेंशन सेंटर बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर 1435.25 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें ऑडिटोरियम और होटल भी शामिल होगा। इसके अलावा दुबग्गा (लखनऊ-हरदोई मार्ग) पर 305.31 करोड़ रुपये की लागत से 1811 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जिससे ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
बिजनेस और इंडस्ट्री को बढ़ावा:
कैबिनेट ने निजी बिजनेस पार्क विकास योजना को मंजूरी दी है। इसके तहत सरकार निवेशकों को जमीन देगी, जिसकी कीमत 45 साल में किश्तों में ली जाएगी। इससे प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
ग्रेटर नोएडा में लॉजिस्टिक हब:
ग्रेटर नोएडा के बुढ़ाकी में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क विकसित किया जाएगा। इसके लिए अगले तीन महीने में टेंडर जारी होगा, जिससे व्यापार और सप्लाई चेन को मजबूती मिलेगी।
कानपुर में पावर प्रोजेक्ट:
कानपुर के घाटमपुर में 660 मेगावाट की तीन यूनिट का पावर प्लांट तैयार हो रहा है, जिसमें दो यूनिट चालू हो चुकी हैं। तीसरी जल्द शुरू होगी। इसके लिए कोल ब्लॉक संचालन हेतु 2242.90 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जिससे बिजली उत्पादन की लागत भी कम होगी।
नवयुग पालिका योजना को मंजूरी:
प्रदेश की 58 नगर पालिकाओं को स्मार्ट बनाने के लिए ‘नवयुग पालिका योजना’ को मंजूरी दी गई है। 145 करोड़ रुपये के बजट वाली यह योजना 5 साल तक चलेगी और शहरी सुविधाओं में बड़ा सुधार लाएगी।
देवीपाटन मंडल में पुलों की सौगात:
देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों में 18 लघु पुलों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इसके लिए 42 करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट तय किया गया है, जिससे लाखों ग्रामीणों की आवाजाही आसान होगी।
इन फैसलों से साफ है कि सरकार एक साथ किसानों, शहरों और उद्योगों तीनों क्षेत्रों पर फोकस कर रही है।
- सड़कों पर नाचने को मजबूर भालू अब सुरक्षित हाथों में, आगरा भालू संरक्षण केंद्र में शुरू हुआ ग्रेसी का लंबा उपचार - March 23, 2026
- आगरा राज मर्डर केस: अब ‘डिजिटल स्ट्राइक’ की तैयारी, आलोक और मोनू यादव गैंग के सोशल मीडिया फॉलोअर्स रडार पर - March 23, 2026
- यूपी के चंदौली में तैनात SDM पति-पत्नी के बीच हाई-प्रोफाइल ड्रामा, ससुर ने दामाद SDM पर दर्ज कराई सनसनीखेज FIR - March 23, 2026