मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से पुलिस पर हमले का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मवाना थाना क्षेत्र के सठला गांव में बुधवार को उस समय हालात बेकाबू हो गए, जब पुलिस एक मारपीट के मामले में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची थी। आरोप है कि दबंगों और उनके साथियों ने पुलिस टीम को घेर लिया, सिपाहियों के साथ मारपीट की, वर्दी फाड़ दी और सरकारी पिस्टल छीनने की भी कोशिश की।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम रामनगर निवासी भारतवीर ने पुलिस को तहरीर दी थी कि पैसों के लेनदेन के विवाद में उनके बेटे नितिन के साथ ताल्हा, कादिर और गुलाब ने लाठी, डंडे और सरिया से जानलेवा हमला किया। इस हमले में नितिन का पैर टूट गया था। इसी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सठला गांव पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि जब पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों को हिरासत में लिया, तभी उनके साथियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। कुछ पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की।
सिपाही सुनील के साथ मारपीट की गई, उनकी वर्दी फाड़ दी गई और पिस्टल छीनने का प्रयास किया गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी की तस्वीरें सामने आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ मवाना भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गुलाब उर्फ यासिर के कब्जे से एक अवैध 32 बोर की पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल लाठी-डंडे और सरिया भी जब्त किए गए हैं। विपिन ताडा ने बताया कि गुलाब के खिलाफ दिल्ली में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही अन्य अज्ञात हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभ में मारपीट की धाराओं में दर्ज मुकदमे में अब पुलिस टीम पर हमले के चलते धारा 132 बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।
- आगरा में सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कमला नगर पुलिस ने लोहिया नगर में मारा छापा, पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार - September 29, 2026
- Agra News: पैर में फ्रैक्चर होने के कारण सीढ़ियां नहीं चढ़ सकी महिला, एसीपी इमरान अहमद ने जमीन पर बैठकर सुनी फरियाद - September 29, 2026
- आगरा में खूनी संघर्ष: नशे में हंगामा करने से रोकने पर देवर ने महिला के पेट में घोंपा चाकू, तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया - September 29, 2026