प्रयागराज (फाफामऊ): उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित गंगापार क्षेत्र के चांदपुर गांव में सोमवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री अंसार अहमद के ‘आदर्श कोल्ड स्टोर’ में अमोनिया गैस से भरा टैंक अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कोल्ड स्टोरेज की पूरी छत भरभराकर नीचे गिर गई, जिसकी चपेट में आकर वहां काम कर रहे 15 से अधिक मजदूर मलबे में दब गए।
आलू भंडारण के दौरान हुआ जोरदार ब्लास्ट
जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त कोल्ड स्टोरेज में आलू के भंडारण का काम जोरों पर चल रहा था। तभी अचानक गैस टैंक फटने से पूरी इमारत दहल उठी। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों और राहगीरों में दहशत फैल गई और लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मलबे में दबे अधिकांश मजदूर बिहार के सहरसा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
गैस रिसाव ने बढ़ाई मुश्किलें, राहत कार्य जारी
हादसे के तुरंत बाद मौके पर फाफामऊ थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंच गईं। हालांकि, टैंक फटने के बाद शुरू हुए अमोनिया गैस के तीव्र रिसाव ने बचाव कार्य में बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। हवा में फैली जहरीली गैस के कारण रेस्क्यू टीम को मलबे तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। अब तक दो मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया है।
इलाके में सांस लेना हुआ दूभर, अफरा-तफरी का माहौल
गैस रिसाव के चलते पूरे इलाके में आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ की शिकायतें आ रही हैं। मौके पर जमा भारी भीड़ को हटाने के लिए प्रशासन को कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है, लोग अपने चेहरे को रुमाल और गमछे से ढंककर अपनों की तलाश में खड़े हैं। प्रशासन और फायर विभाग की टीमें लगातार गैस के प्रभाव को कम करने और मलबे में दबे अन्य लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटी हैं।
प्रशासनिक अधिकारी पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्राथमिकता मलबे में फंसे जिंदगियों को बचाने की है।
- आगरा नगर निगम में ई-टेंडर घोटाले की सुगबुगाहट: 100 से 200 करोड़ रुपये की अनियमितता की आशंका, एसआईटी जांच की मांग - October 13, 2026
- यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 का विस्तृत कार्यक्रम घोषित: 5 फरवरी से शुरू होंगी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाएं - October 12, 2026
- मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचा INDIA गठबंधन: राहुल गांधी और अखिलेश यादव समेत 11 नेताओं ने दाखिल की याचिका, मंगलवार को होगी सुनवाई - October 12, 2026