Lockdown 3.0: छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या, पेड़ के नीचे मिला निर्वस्त्र शव

Lockdown 3.0: छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या, पेड़ के नीचे मिला निर्वस्त्र शव

Crime NATIONAL REGIONAL

घर से शौच को गयी थी 12 वर्षीय बालिका। दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या।

Agra (Uttar Pradesh, India) लॉकडाउन के दौरान आगरा जनपद के थाना सैंया क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को घर से शौच के लिए गयी आठवीं कक्षा की छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गयी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी। घटना की मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।  घटनास्थल पर अधिकारी पहुंच गए। दुराचारी हत्यारे का सुराग लगाने के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुला लिया। 

पेड़ के नीचे मिला बालिका का निर्वस्त्र शव

थाना सैंया क्षेत्र निवासी 12 वर्षीय बालिका के माता-पिता की बीमारी से मौत हो चुकी है। वह ताऊ के पास रहती थी। स्वजनों के अनुसार सोमवार की सुबह सवा छह बजे बालिका शौच के लिए घर के पास बने खाली प्लाट पर गयी थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो स्वजनों को लगा कि वह गांव में सगे संबंधी के घर चली गयी होगी। सुबह करीब नौ बजे परिवार के लोगों ने बालिका को खोजना शुरू किया। खाली प्लॉट के पास एक पेड़ के नीचे बालिका का निर्वस्त्र शव देखकर परिवार के होश उड़ गए। उसके शरीर और चेहरे पर खरोंच के निशान थे।

घटनास्थल पर पहुंचे एसपी ग्रामीण

बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या की गयी थी। दुष्कर्मी ने शव को पेड़ की आड़ में फेंका था। इससे कि जल्दी किसी की नजर उस पर नहीं पड़े। बालिका से दुष्कर्म और हत्या की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में मौके पर ग्रामीण जुट गए। गांव में हत्या से आक्रोश फैल गया। मौके पर एसपी ग्रामीण रवि कुमार और कई थानों का फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने दुष्कर्म और हत्याकांड का जल्द पर्दाफाश करके आरोपित को गिरफ्तार करने का आश्‍वसन दिया। मौके पर डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम को बुला लिया। घटनास्थल पर भीड़ जुटने के चलते डॉग स्क्वॉड हत्यारे का सुराग नहीं दे सका। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई चीजों को एकत्रित किया है। एसपी ग्रामीण रवि कुमार ने बताया हत्यारे का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

परिचित हो सकता है दुराचारी हत्यारा

बालिका से दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाला उसका परिचित होने की आशंका है। पुलिस इस पहलू को भी ध्यान में रख रही है। माना जा रहा है कि बालिका हत्यारे को पहले से पहचानती रही होगी। उसके द्वारा घटना की जानकारी परिवार के लोगों को देने की आशंका हत्यारे को रही होगी। इसलिए उसने बालिका की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस शक के दायरे में आए लोगों के मोबाइल की लोकेशन पता कर रही है।

गांव में पसरा सन्नाटा

गांव के लोगों ने पुलिस को बताया कि बालिका जब एक वर्ष की थी, उसकी मां का बीमारी से निधन हो गया। इसके बाद पिता ने उसका पालन-पोषण किया। कुछ साल पहले पिता की बीमारी से मौत होने पर अब ताऊ उसकी देखभाल कर रहे थे। अनाथ बालिका से दुष्कर्म और हत्या को लेकर गांव के लोगों में गम के साथ ही जबरदस्त गुस्सा भी है। ग्रामीण हत्यारे का पता कर उसे अपने हाथों से सजा देने पर आमादा थे। बालिका गांव के सभी लोगों से घुली मिली थी। इससे उसकी मौत पर पूरे गांव में मातम भरा सन्नाटा पसरा रहा।

1 thought on “Lockdown 3.0: छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या, पेड़ के नीचे मिला निर्वस्त्र शव

  1. Pingback: Lockdown3.0 आगरा में दो पक्षों में पथराव, पुलिस पर फायरिंग – Live Story Time

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *