डॉ. भानु प्रताप सिंह
Live Story Time
ऐतिहासिक शहर आगरा के पूर्व महापौर नवीन जैन को भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया है। इसके कई संकेत हैं। संकेत इस बात के हैं कि भारतीय जनता पार्टी में नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं को भी मान-महत्व प्रदान किया जा रहा है। यह भारत का अमृतकाल काल चल रहा है तो भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए भी स्वर्णिम काम है। कार्यकर्ताओं का ऐसा स्वर्णिम काल भाजपा में ही संभव है।
बीजेपी ने राजस्थान का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को बनाया है जबकि यह माना जाता है कि राजस्थान में जाट ही सबकुछ हैं। मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बनाया गया है। एक दम नए चेहरे लेकिन पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता। इसी क्रम में नवीन जैन को राज्यसभा (उच्च सदन) का प्रत्याशी नामित किया गया है। पार्टी के सभी राज्यसभा प्रत्याशियों की जीत पहले से तय है।

नवीन जैन की बात करें तो आगरा में उनके समाज का वोट इतना नहीं है कि किसी भी चुनाव को प्रभावित कर सके। इसके बाद भी नवीन जैन ने नगर निगम आगरा का सभासद, डिप्टी मेयर, मेयर और फिर अखिल भारतीय महापौर परिषद का चुनाव जीता। चार चुनाव जीत चुके हैं। वे लोकसभा चुनाव 2024 के लिए फतेहपुर सीकरी और फिरोजाबाद लोकसभा क्षेत्र से टिकट मांग रहे थे। उन्हें अनुमान भी नहीं था कि पार्टी राज्यसभा का उम्मीदवार बनाएगी। लोकसभा सांसद का कार्यकाल पांच वर्ष का होता है और राज्यसभा सांसद का कार्यकाल छह वर्ष का होता है।
मैंने नवीन जैन का पार्षद से लेकर महापौर तक का कार्यकाल निकट से देखा है। उनकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि वे हमेशा तनावरहित और प्रसन्नचित्त रहते हैं। तनाव सबको होता है, नवीन जैन को भी होता होगा लेकिन वे इसका प्रदर्शन नहीं करते हैं। कम से कम मैंने उन्हें कभी झल्लाते हुए नहीं देखा है। कार्यकर्ताओं का ध्यान रखना उन्हें बखूबी आता है। महापौर के रूप में में वे इतने सक्रिय रहे कि अखबारों में हर दिन फोटो के साथ समाचार प्रकाशित होता है।
नवीन जैन पार्टी के खांटी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने भाजपा में प्रवेश सामान्य कार्यकर्ता के रूप में किया। 1980 में पार्टी के वार्ड अध्यक्ष बने। 1989 में कचहरी घाट से नगर निगम सभासद (तब पार्षद नहीं कहे जाते थे) का चुनाव जीता। फिर वे डिप्टी मेयर चुने गए। 2017 में आगरा के महापौर चुने गए। उन्होंने ‘नवीन आगरा-क्लीन आगरा’ का नारा देकर आगरा के विकास लिए शक्ति लगाई। आज शहर की कुछ सड़कों का सुंदर रूप और हरियाली दिखाई देती है तो यह नवीन जैन की ही सोच है। अनेक कूड़ाघर समाप्त कर वहां सेल्फी पॉइंट बनवाए। घर-घर कूड़ा संग्रहण शुरू कराया, जिसमें तीन वर्ष पूर्व नगर निगम में शामिल हुआ शास्त्रीपुरम भी शामिल है। अखिल भारतीय महापौर परिषद का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनकर उन्होंने इतिहास रच दिया था। भाजपा बृज क्षेत्र के कोषाध्यक्ष और भाजपा उत्तर प्रदेश के सह कोषाध्यक्ष रहे। सांसद रामशंकर कठेरिया के दो बार चुनाव संयोजक रहे और पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की।
खैर, ये तो बड़ी सामान्य बाते हैं लेकिन नवीन जैन को सबसे बड़ी उपलब्धियां महापुरुषों की मूर्तियां और शहर के स्वनाम धन्य हस्तियों के नाम पर सड़कों का नामकरण और लोकार्पण है। इसमें मेरी दृष्टि से किसान क्रांतिकारी हिंदू धर्म रक्षक वीर गोकुल जाट की मूर्ति आगरा किला के निकट शाहजहां गार्डन के द्वार के समक्ष स्थापित करना मुख्य है। यह वही आगरा किला है जहां मुस्लिम धर्म न अपनाने पर औरंगजेब ने वीर गोकुला जाट की अंग-अंग काटकर हत्या करने का हुक्म दिया था। उसी किले की छाती पर वीर गोकुला जाट की घुड़सवार आदमकद प्रतिमा स्थापित करना वाकई ऐतिहासिक है। भले ही यह काम 353 वर्ष बाद हुआ, लेकिन हुआ।

इसके साथ ही पश्चिमपुरी चौराहे का नाम अक्रूर चौक, यमुना किनारे पर वीर शिरोमणि एवं पराक्रमी महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण, विकल चौक, अशोक सिंघल मार्ग, दाऊदयाल शर्मा मार्ग, स्व. विद्याशंकर शर्मा मार्ग, जैसे अनेक काम हैं। जमुना किनारा मार्ग का नाम गुरु गोबिंद सिंह मार्ग व हाथी घाट का नाम गुरु गोबिंद घाट करने का आश्वासन दिया था। शहीद नगर 100 फुटा रोड पर भगवान परशुराम जी की मूर्ति, कैला देवी चौराहा आवास विकास कॉलोनी में भगवान परशुराम का शस्त्र फरसा की स्थापना व चौराहे का नाम परशुराम चौक किया। उन्होंने ‘नगर श्री’ उपाधि देने की बात कही थी। आगरा दिवस मनाने की घोषणा भी की थी लेकिन अधर में लटक गईं। आगरा दिवस मनाने वाली वाली कमेटी में मैं भी शामिल था। उन्होँने 28 जुलाई, 2022 को अपने चार वर्ष के कार्यकाल की स्मारिका का विमोचन सूरसदन में किया था। यह ऐतिहासिक कार्यक्रम था। इसे नवीन जैन का शक्ति प्रदर्शन भी माना गया था। ‘मेयर को बोलो’ कार्यक्रम में वे जनता की समस्याएं फोन पर सुनकर दूर करते थे। कोरोना किट और भोजन निःशुल्क मंगवाने के लिए मोबाइल नम्बर जारी किए। मोबाइल नम्बर के माध्यम से घर-घर पौधे भी पहुंचाए। ये कुछ ऐसे काम हैं जो मेरी स्मृति में हैं, अन्यथा काम तो बहुत सारे हैं।
नवीन जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश नेतृत्व का आभार प्रकट किया है। उन्होंने स्वीकार किया है कि यह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का स्वर्णिम काल है।

आगरा विकास मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन और संयोजक सुनील कुमार जैन ने नवीन जैन को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि यह जैन समाज का गौरव है। काफी समय से केंद्र और प्रदेश में जैन समाज का प्रतिनिधित्व नगर से नहीं हो पा रहा था. जिससे जैन समाज काफी व्यथित था। उन्होंने कहा कि नवीन जैन को राज्यसभा सांसद का उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने जैन समाज को बड़ा उपहार दिया है। उनकी विजय निश्चित है। सुशील जैन, संदेश जैन, ध्रुव जैन, आशीष जैन ने भी नवीन जैन को बधाई देते हुए हर्ष व्यक्त किया है
- 3,400 करोड़ के मालिक बीजेपी विधायक बने ‘भिखारी’: सड़क पर उतरकर मांगी भीख, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान - September 15, 2026
- आगरा में श्री हरि सत्संग समिति की नित्य प्रभात फेरी के 15 साल पूरे: भव्य संकीर्तन यात्रा में उमड़े श्रद्धालु, विधायक ने की पुष्पवर्षा - September 15, 2026
- सपा की तुष्टिकरण और जातिगत राजनीति अब जनता के बीच नहीं चलने वाली: भाजपा नेता रोहित कत्याल - September 15, 2026