आगरा: पुलिसकर्मियों से मारपीट के आरोप में थाना जगदीशपुरा में छह भाजपाइयों के खिलाफ नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मारपीट में एक सिपाही की आंख के पास 12 टांके आए।
उधर भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि पुलिस ने पूर्व पार्षद के बेटे के साथ मारपीट की। पूर्व पार्षद सहित बेटे, दामाद को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ही भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता की। इस संबंध में रविवार को भाजपा कार्यकर्ता मेयर के आवास पर भी पहुंचे।
आवास विकास कॉलोनी में राहुल नगर में पूर्व पार्षद श्यामवीर रहते हैं। उनका 17 साल का बेटा रात लगभग नौ बजे अपने कुत्ते को घुमाने निकला था। तभी सादा वर्दी में एसओजी के सिपाही ने किसी जीतू नाम के अपराधी के बारे में जानकारी मांगी। श्यामवीर के बेटे ने कहा, मुझे नहीं पता।
इसी बात पर मारपीट शुरू हो गई। बेटे को बिना नंबर की बाइक पर बैठाकर पुलिसकर्मी चौकी ले गए। श्यामवीर को जानकारी मिली तो वह अपने भांजों और दामाद के साथ चौकी पहुंचे। जहां दोनों पक्ष में बहस हुई। श्यामवीर और उनके भांजों और दामाद को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी मिली तो सभी इकट्ठे होकर पहुंचे। थाने में ही भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बहस और धक्का मुक्की हुई। हाथापाई भी हुई। पुलिस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने मारपीट की, जिसमें एक सिपाही की आंख के पास चोट आई। उसके 12 टांके आए हैं। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने अभद्रता की।
पुलिस ने सिपाही पर हमले और मारपीट के खिलाफ छह भाजपाइयों के खिलाफ नामजद और लगभग 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। डीसीपी सूरज राय का कहना है कि भाजपा कार्यकर्ताओं के हमले में सिपाही के चोट आई। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया जाएगा।
भाजपा कार्यकर्ता इस घटना के विरोध में रविवार सुबह मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह के आवास पर पहुंचे और मीटिंग की। विधायकों से भी बात की गई। विधायक इस समय अयोध्या में हैं। सांसद भी किसी कार्यक्रम के सिलसिले में शहर से बाहर हैं। मेयर का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। कमिश्नर से उनकी रात में ही बात हुई थी। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक कराकर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की।
- Tanya Mittal पहुंचीं Shatam Jeeva, Jhansi के 100 एकड़ के आयुर्वेद चिकित्सा केंद्र में, क्या है खास? - September 12, 2026
- दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान 2026: केंद्रीय हिंदी संस्थान के वरिष्ठ आचार्य प्रो. उमापति दीक्षित सम्मानित - September 11, 2026
- दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान 2026: केंद्रीय हिंदी संस्थान के वरिष्ठ आचार्य प्रो. उमापति दीक्षित सम्मानित - September 11, 2026