लखनऊ। उत्तर प्रदेश से सर्दियों की विदाई अब लगभग औपचारिक हो चुकी है और सूरज ने अपनी तपिश दिखाना शुरू कर दिया है। फरवरी के महीने में ही गर्मी ने ऐसी अंगड़ाई ली है कि दोपहर का पारा 30 डिग्री सेल्सियस की दहलीज को लांघ गया है। आलम यह है कि जो लोग कुछ दिनों पहले तक धूप का आनंद ले रहे थे, अब वे दोपहर में छांव और ठंडी हवा की तलाश करते नजर आ रहे हैं। दफ्तरों से लेकर घरों तक अब पंखे अपनी पूरी रफ्तार में लौटने लगे हैं।
15 डिग्री का ‘थर्मल शॉक’: सेहत पर भारी पड़ रहा मौसम
वर्तमान में मौसम का सबसे अजीब पहलू दिन और रात के तापमान के बीच का भारी अंतर है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दिन और रात के पारे में करीब 15.5 डिग्री सेल्सियस तक का अंतर रिकॉर्ड किया जा रहा है। सुबह गर्म कपड़े पहनकर घर से निकलने वाले लोगों को दोपहर होते-होते पसीने छूट रहे हैं और उलझन महसूस हो रही है। वहीं, देर शाम तापमान गिरते ही दोबारा हल्की ठंडक सताने लगती है। मौसम का यह उतार-चढ़ाव लोगों की सेहत के लिए ‘थर्मल शॉक’ जैसा साबित हो रहा है।
मार्च-अप्रैल में सताएगी ‘लू’?
मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि इस बार गर्मी समय से पहले दस्तक दे चुकी है और यह सामान्य से अधिक रहने वाली है। फरवरी में 30 डिग्री का आंकड़ा पार होना इस बात का संकेत है कि मार्च और अप्रैल में लू (Heatwave) जैसी स्थितियां जल्दी बन सकती हैं। फिलहाल पछुआ हवाओं के प्रभाव से पारा बहुत अधिक तेजी से नहीं बढ़ रहा है, लेकिन आसमान साफ होने के कारण सूरज की किरणें काफी तीखी महसूस हो रही हैं।
अगले 4 दिनों का हाल
सोमवार को अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री और न्यूनतम 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को भी आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। फिलहाल कोई प्रभावी मौसमी तंत्र सक्रिय नहीं है, जिससे राहत की उम्मीद कम ही नजर आ रही है।
- योगी सरकार का बड़ा तोहफा: माफियाओं से मुक्त जमीन पर अब बनेंगे वकील, डॉक्टर और पत्रकारों के लिए घर - March 16, 2026
- योगी सरकार का बड़ा तोहफा: माफियाओं से मुक्त जमीन पर अब बनेंगे वकील, डॉक्टर और पत्रकारों के लिए घर - March 16, 2026
- आगरा भाजपा में ‘अंतर्कलह’: बागी संजय राय को मनोनीत पार्षद बनाने पर भड़के शरद चौहान, संगठन को लिखा पत्र - March 16, 2026