कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: मुंडन कराकर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप ट्राले से टकराई; 3 बच्चों समेत 8 की मौत, कई घायल

REGIONAL

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक अत्यंत दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सैनी थाना क्षेत्र के डोरमा पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़े एक ट्राले से पीछे से जा टकराया। इस भीषण टक्कर में पिकअप सवार 8 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में 3 मासूम बच्चे और 2 महिलाएं शामिल हैं।

खुशियों के सफर में पसरा मातम

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र (कोरावल गांव) निवासी पंकज सिंह के बेटे का मुंडन संस्कार था। पूरा परिवार और रिश्तेदार रामनवमी के अवसर पर प्रयागराज के संगम तट पर मुंडन कराने गए थे। संगम में स्नान और संस्कार के बाद सभी लोग कड़ा धाम स्थित शीतला माता मंदिर में दर्शन करने पहुँचे थे। दोपहर करीब 3:45 बजे जब वे वापस फतेहपुर लौट रहे थे, तभी यह काल बन कर आई दुर्घटना घट गई।

​चीख-पुकार और रेस्क्यू ऑपरेशन

​टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन के परखचे उड़ गए और उसमें सवार करीब 35 लोग वाहन के मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुँचीं।

स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल 4 एंबुलेंस तैनात कीं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सिराथू) और जिला अस्पताल ले जाया गया। सीएमओ डॉ. संजय कुमार के अनुसार, 23 घायलों को अस्पताल लाया गया है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

सीएम योगी ने व्यक्त किया शोक; आर्थिक मदद का एलान

​मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने राहत राशि की घोषणा करते हुए कहा मृतकों के परिजनों को:ल 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता व घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद प्रदान की जाएगी।

जांच के घेरे में लापरवाही

​हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने ट्राले और पिकअप को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।

Dr. Bhanu Pratap Singh