आगरा। भारतीय जनता पार्टी दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की ओर से भारत रत्न, युगदृष्टा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्य स्मृति में प्रेम वाटिका, अवधपुरी में ‘अटल स्मृति सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ हुई, जिसके माध्यम से उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, राजनीतिक जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन सादगी, राष्ट्रभक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण है। राजनीति में शुचिता और संवाद की संस्कृति को उन्होंने सुदृढ़ किया, जिससे देश को स्थिर और दूरदर्शी नेतृत्व मिला।
ग्रामीण विकास को मिली नई दिशा
मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि अटल जी के प्रधानमंत्री कार्यकाल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांव-गांव तक सड़क नेटवर्क पहुंचा, जिसने ग्रामीण भारत के विकास की मजबूत नींव रखी। वहीं स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना ने देश की आर्थिक प्रगति को नई गति दी। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि सर्व शिक्षा अभियान, दूरसंचार क्रांति और आर्थिक उदारीकरण की सशक्त आधारशिला अटल जी की दूरदृष्टि का परिणाम रही।
कोविड काल में गरीबों को मिला संबल
अटल जी की जन्म शताब्दी के अवसर पर आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 से कोविड काल के दौरान देश के लगभग 80 करोड़ लोगों को प्रतिमाह 5 किलो मुफ्त अनाज उपलब्ध कराया गया, जिससे गरीब और जरूरतमंद वर्ग को बड़ा सहारा मिला।
अटल जी का संकल्प, मोदी सरकार कर रही साकार
भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार आगे बढ़ा रही है। अंत्योदय की भावना के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की अटल जी की परिकल्पना को वर्तमान सरकार प्रभावी ढंग से क्रियान्वित कर रही है।
तीन मंडलों में एक साथ आयोजन
दक्षिण विधानसभा के शिवाजी मंडल, केशव मंडल और सुभाष मंडल में एक साथ ‘अटल स्मृति सम्मेलन’ आयोजित किया गया। तीनों मंडलों में मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं को अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व से अवगत कराते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
सम्मेलन में पूर्व मंत्री डॉ. रामबाबू हरित, इंद्रजीत आर्य, हेमंत भोजवानी, शिवाजी मंडल अध्यक्ष देवेश पचौरी, सुभाष मंडल अध्यक्ष राजू कुशवाहा, केशव मंडल अध्यक्ष राजेश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पार्षद एवं समाजसेवी मौजूद रहे।
- आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ी को लेने पर कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर का तीखा विरोध, KKR और शाहरुख खान को दी खुले मंच से चेतावनी - December 31, 2025
- यूपी शीतलहर की गिरफ्त में, नए साल पर बारिश के आसार; 59 जिलों के लिए कोल्ड डे का अलर्ट जारी - December 31, 2025
- शब्दों में ठहराव और अर्थ: नीलम सक्सेना चंद्रा की रचनात्मक यात्रा - December 31, 2025