आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र के गांव अरसेना में गुरुवार सुबह प्रवर्तन दल की विद्युत चेकिंग टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। टीम बिजली चोरी पकड़े जाने पर पहुंची थी, तभी आरोपियों के भड़कने पर दर्जनों लोग एकजुट हो गए और अचानक टीम पर टूट पड़े। जान बचाने के लिए टीम के सदस्य खेतों की ओर भागे। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
घटना सुबह करीब पौने आठ बजे की है। रुनकता सब-स्टेशन के अवर अभियंता कुलदीप सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन दल आगरा के प्रभारी उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी योगेश कुमार, ब्रजेश कुमार, टीजी-2 अनुज दीक्षित, चंद्रप्रकाश, संविदा कर्मी ऋतिक, नीरज, वीरपाल, अखिलेश, रविन्द्र और महिला आरक्षी रितु मिश्रा टीम में शामिल थे।
जांच के दौरान टीम ने पाया कि सतीश चंद्र पुत्र कमल और चंद्रप्रकाश पुत्र कमल ने पोल से सीधे कटिया डालकर बिजली चोरी कर रखी थी। विभागीय कार्रवाई शुरू होते ही दोनों ने विरोध किया और देखते ही देखते जितेंद्र पुत्र सतीश चंद, वासुदेव पुत्र पूरन सहित 15–20 अज्ञात लोग वहां इकट्ठा हो गए। सभी ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले के बीच कर्मचारी दहशत में आ गए। महिला आरक्षी रितु मिश्रा ने तत्काल 112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर हमलावर मौके से भाग निकले। घटना के बाद क्षेत्र में भारी तनाव की स्थिति बनी रही।
अवर अभियंता कुलदीप सिंह की तहरीर पर थाना सिकंदरा में हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं बिजली चोरी के मामले में सतीश चंद्र और चंद्रप्रकाश पर धारा 135 के तहत एंटी पावर थाना कमला नगर में अलग से प्रकरण पंजीकृत किया गया है।
- स्टेयरिंग पर सधी पकड़ और रफ्तार का रोमांच: मुंबई में ‘वूमन विद ड्राइव’ के छठे एडिशन में महिलाओं ने दिखाया दम - March 18, 2026
- आगरा में सर्राफ से ₹10 लाख की लूट: बिचपुरी में दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यापारी को बदमाशों ने घेरा, सोना और चाबियां लेकर फरार - March 17, 2026
- आगरा में राज्य महिला आयोग अध्यक्ष का बड़ा फैसला: मुस्लिम महिलाओं के लिए बनेगा स्पेशल ऐप, घर बैठे दर्ज होंगी शिकायतें - March 17, 2026