आगरा। आगरा में मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी का एक गंभीर मामला सामने आया है। खंदारी चौराहे के पास सिकंदरा कॉरिडोर के तहत बन रहे मेट्रो ब्रिज से अचानक एक भारी लकड़ी का स्लीपर नीचे गुजर रही कार पर गिर गया। स्लीपर कार के फ्रंट शीशे को तोड़ते हुए अंदर तक घुस गया और चालक के सिर के बेहद करीब आकर रुका। हादसे में चालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आईएसबीटी के पास सर्विस रोड से एक युवक अपनी कार लेकर गुजर रहा था। इसी दौरान ऊपर मेट्रो ब्रिज पर निर्माण कार्य चल रहा था। तभी अचानक एक बड़ा लकड़ी का स्लीपर नीचे गिरा और सीधे कार के फ्रंट शीशे से टकराकर भीतर जा घुसा।
पलभर में मची अफरा-तफरी
स्लीपर गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज के साथ शीशा टूटने से चालक घबरा गया। उसे लगा कि ऊपर से कोई भारी पत्थर या लोहे का टुकड़ा गिरा है। हादसे में चालक के हाथ में चोट आई और वह कुछ देर तक सदमे में रहा।
बाल-बाल बची जान
स्थानीय लोगों के मुताबिक स्लीपर नुकीला था और चालक के सिर से महज कुछ इंच की दूरी पर जाकर रुका। यदि स्लीपर कुछ इंच और अंदर गिरता तो यह सीधे चालक के सिर पर लग सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था।
मेट्रो प्रशासन ने घटना की पुष्टि की
घटना के बाद मेट्रो प्रशासन की ओर से यह स्वीकार किया गया कि ऊपर से लकड़ी का स्लीपर गिरा, जिससे कार का शीशा टूट गया और चालक घायल हुआ। हालांकि, घटना के बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि जब नीचे से आम लोगों की आवाजाही जारी थी, तो निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त क्यों नहीं थे।
निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना के बाद मेट्रो निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा जाल, चेतावनी संकेत और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान नीचे से गुजरने वाले मार्गों पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
- ग्रेटर नोएडा: लापरवाही के गड्ढे ने फिर ली जान, मामा के घर आए 3 साल के मासूम की डूबने से मौत - February 16, 2026
- भाभी की बहन ने ठुकराया रिश्ता, तो नाराज देवर ने भाभी को उतारा मौत के घाट, खुद भी लहूलुहान - February 15, 2026
- आगरा जोन की एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने लगाई गिरिराज परिक्रमा, दुग्धाभिषेक कर लिया पवित्र स्थलों का आशीर्वाद - February 15, 2026