आगरा। थाना किरावली क्षेत्र में आगरा–जयपुर हाइवे पर सोमवार को एक भयावह हादसा हो गया। तहसील परिसर के पास सड़क पार कर रही एक महिला को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला कई मीटर तक सड़क पर घसीटती चली गई। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा–तफरी मच गई।
गंभीर रूप से घायल महिला को राहगीरों और पुलिस की मदद से तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे के बाद चर्चा का मुख्य विषय बनी वह स्कॉर्पियो, जो राजस्थान नंबर की थी और उसके आगे–पीछे बड़े अक्षरों में ‘POLICE’ लिखा हुआ था। इतना ही नहीं, गाड़ी चला रहा युवक यूपी पुलिस की वर्दी पहने हुए था। इसे देखकर स्थानीय लोगों में कई तरह के सवाल उठ खड़े हुए।
सूचना पर किरावली पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया। चालक से गहन पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार गाड़ी में मौजूद एक महिला और पुरुष ललितपुर में तैनात एक आईपीएस अधिकारी के माता–पिता बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल मामला जांच के अधीन है।
हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
- ताज से आगे की सोच: ‘आगरा बियॉन्ड ताज’ में विशेषज्ञों ने खींचा भविष्य का खाका, अध्यात्म और विरासत का होगा संगम - February 24, 2026
- Agra News: हाथियों की सेहत संवारेंगे दुनिया भर के विशेषज्ञ, वाइल्डलाइफ एसओएस की पांच दिवसीय इंटरनेशनल वर्कशॉप शुरू - February 24, 2026
- शंकराचार्य का ‘फोटो’ धमाका: IPS अजय पाल और आशुतोष की केक काटते तस्वीर दिखाई, महाराज बोले- AI जनरेटेड है - February 24, 2026