आगरा: ताजनगरी के थाना सदर क्षेत्र में महिला सुरक्षा को चुनौती देते हुए दो बाइक सवार युवकों द्वारा एक युवती के साथ सरेराह छेड़छाड़ और लूटपाट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने न केवल युवती का रास्ता रोककर अभद्रता की, बल्कि विरोध करने पर उसका मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए।
रास्ता रोककर की अश्लील हरकतें
पीड़िता के अनुसार, वह अपनी स्कूटी से जा रही थी, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उसे जबरन रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने पहले युवती पर अश्लील फब्तियां कसीं और फिर बदसलूकी पर उतारू हो गए। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि एक युवक ने उसका पैर पकड़कर अभद्र हरकत की। जब उसने शोर मचाया, तो आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया।
आरोपी ने खुद बताया अपना नाम
हैरानी की बात यह है कि वारदात के दौरान एक आरोपी ने बेखौफ अंदाज में अपना नाम ‘मोहित पंडित’ बताया। हालांकि, पीड़िता ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपियों की बाइक का नंबर नोट कर लिया, जो पुलिस को सौंप दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई और तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पीड़िता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बाइक नंबर के जरिए वाहन स्वामी का पता लगा रही है। साथ ही, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
सरेराह हुई इस वारदात ने स्थानीय निवासियों और महिलाओं के बीच असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- श्री रामलीला महोत्सव 2026: हनुमान जी के पराक्रम से धू-धू कर जली स्वर्ण लंका, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा रामलीला मैदान - October 15, 2026
- आगरा में दशहरा शोभायात्रा से पहले घमासान: समिति गठन को लेकर भाजपा और सपा समर्थित गुट आमने-सामने, डीसीपी कार्यालय पहुंचा विवाद - October 15, 2026
- आगरा में साइबर ठगी के दो बड़े मामले: डिजिटल लॉक तोड़ने के बाद खाते से निकाले रुपये, तो एपीके लिंक से 9.80 लाख की चपत - October 15, 2026