आगरा: शहर में अवैध रूप से रह रहे 38 बांग्लादेशी नागरिकों को स्वदेश भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ये सभी सिकंदरा थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-13 स्थित एक अवैध बस्ती में रह रहे थे। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ये लोग कबाड़ के कारोबार से जुड़े थे और लंबे समय से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारत में निवास कर रहे थे.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इनके पास से फर्जी आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र बरामद किए थे। जांच पूरी होने के बाद सभी के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। न्यायालय से सजा पूरी होने के पश्चात अब नियमानुसार इन्हें बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 38 में से 30 बांग्लादेशी वर्तमान में जिला जेल में निरुद्ध हैं, जबकि 8 नाबालिगों को बाल आश्रय गृह में रखा गया है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि 10 जनवरी को पुलिस टीम सभी को लेकर पश्चिम बंगाल के लिए रवाना होगी, जहां से सीमा सुरक्षा बल के माध्यम से इन्हें बांग्लादेश सीमा तक ले जाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बीएसएफ ने 13 जनवरी की तारीख निर्धारित की है, जिस दिन आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सभी को सीमा पार कराया जाएगा। पूरी कार्रवाई में कानूनी प्रावधानों और निर्धारित प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन किया जा रहा है।
- ‘इस बार सर्दियों में लोग भाग्यशाली हैं’… दिल्ली-एनसीआर प्रदूषण पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी - November 24, 2026
- आगरा नगर निगम में ‘फर्जी कर्मचारी नेताओं’ पर कार्रवाई की मांग, यूनियन ने सौंपा 5 सूत्रीय मांग पत्र, शोषण के लगाए आरोप - November 23, 2026
- कुछ लोगों ने न वेद पढ़े हैं, न दर्शन…अरे तुम खुद ही को बचा लो, पाखंडी कहीं के, धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर बाबा रामदेव का तीखा प्रहार - November 23, 2026