आगरा नगर निगम में ‘फर्जी कर्मचारी नेताओं’ पर कार्रवाई की मांग, यूनियन ने सौंपा 5 सूत्रीय मांग पत्र, शोषण के लगाए आरोप

स्थानीय समाचार

​आगरा। नगर निगम कर्मचारी यूनियन के संस्थापक राजकुमार विद्यार्थी और अध्यक्ष देवेंद्र विराट के नेतृत्व में निगम कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल ने अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार से भेंट कर पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। मुलाकात के दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने नगर निगम में बाहरी लोगों द्वारा खुद को कर्मचारी नेता बताकर कर्मियों को गुमराह करने और उनका आर्थिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया।

​राजकुमार विद्यार्थी व देवेंद्र विराट ने कहा कि बीते कुछ समय से देखा जा रहा है कि कई बाहरी लोग निगम परिसर में आकर स्वयं को कर्मचारी नेता बताते हैं। आरोप है कि वे सीधे-सादे कर्मचारियों को अपने निजी हितों के लिए बरगलाते हैं और हड़ताल के लिए उकसाते हैं। साथ ही अधिकारियों पर अपने निजी कामों के लिए दबाव बनाने तथा कर्मचारियों का आर्थिक शोषण करने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

अधिकारियों संग फोटो दिखाकर ठगी करने का आरोप

​यूनियन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ तत्व अधिकारियों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें दिखाकर वाल्मीकि समाज के लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतें पहले भी आ चुकी हैं और कई बार इससे जुड़े ऑडियो भी वायरल हो चुके हैं। पदाधिकारियों ने मांग की कि ऐसे बाहरी लोगों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जाए और कर्मचारी हितों के लिए काम करने वाले वास्तविक निगम कर्मचारियों को ही प्रतिनिधित्व का मौका मिले।

महिला सफाई मित्रों की तैनाती, पदोन्नति और मासिक बैठक की मांग

​यूनियन के महामंत्री बिरजू नरवार ने कर्मचारियों की प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि मुख्यालय से संबद्ध सफाई नायकों को वार्ड आवंटित किए जाएं। महिला सफाई मित्रों को गैंग से हटाकर उनके आवास से दो किलोमीटर के दायरे में कहीं भी तैनात किया जाए। इसके अतिरिक्त स्थायी सफाई मित्रों को शैक्षिक योग्यता और सेवाकाल के आधार पर पदोन्नति प्रदान की जाए।

उन्होंने यह भी मांग की कि प्रत्येक माह कम से कम एक बार नगर निगम कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ अधिकारियों की नियमित बैठक हो, ताकि कर्मचारी अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकें और उनका समयबद्ध निस्तारण हो सके।

​’बाहरी लोगों को न मिले संरक्षण’

​यूनियन अध्यक्ष देवेंद्र विराट ने कहा कि नगर निगम अधिकारियों को भविष्य में बाहरी व्यक्तियों को कर्मचारी नेता के रूप में संरक्षण नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि निगम कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों व सदस्यों को मान्यता देते हुए कर्मचारियों से संबंधित मामलों में उनकी बात को प्राथमिकता दी जाए, जिससे बाहरी तत्वों द्वारा शोषण और गुमराह करने की प्रवृत्ति पर रोक लग सके।

​इस मामले में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी तथा सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान राजेश चौहान, बंटू भारती, संजय ऊंचिया, पदम चौधरी, रवि चंचल, बाबूलाल चौहान और सुरजीत चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh