लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोडिन कफ सिरप मामले को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है, वहीं प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी प्रकरण में जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अरबों रुपये की इस काली कमाई में सत्ताधारी दल की भागीदारी है, इसी कारण भाजपा शासन में आम जनता त्रस्त और पीड़ित है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि जिस मामले को पहले स्थानीय अपराध समझा जा रहा था, उसकी परतें खुलने पर वह पहले राज्यव्यापी, फिर राष्ट्रव्यापी और अब एशिया स्तर का अपराध बनकर सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज समाप्त नहीं हुआ, बल्कि उसे संरक्षण और बढ़ावा मिला है।
सपा अध्यक्ष ने आगे आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा का “महा-माफिया राज” कायम है, जो ‘बोतल-बंद’ जहर के रूप में लोगों के घरों तक पहुंच रहा है और जानलेवा साबित हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस अवैध कारोबार से अर्जित अरबों की काली कमाई में सत्ता की हिस्सेदारी है। अखिलेश यादव ने भाजपा पर राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी अपनी “अंतिम पारी” खेल रही है और चुनावी रूपक में उसके “ओवर खत्म” हो चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि कोडिन कफ सिरप प्रकरण में अब प्रवर्तन निदेशालय ने सक्रिय कार्रवाई शुरू कर दी है। ईडी इस मामले में कफ सिरप के जरिए की गई कथित काली कमाई के स्रोतों और लेन-देन की जांच कर रही है। साथ ही, बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह की संपत्तियों और आय के स्रोतों की भी पड़ताल की जा रही है। बताया जा रहा है कि उन्होंने आलीशान मकान निर्माण के लिए किसी प्रकार का होम लोन नहीं लिया, जिससे उनकी आय को लेकर संदेह गहराया है और ईडी इस पहलू की विस्तृत जांच कर रही है।
- यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 18 IPS अधिकारियों के तबादले, पुलिस मुख्यालय से लेकर PAC और EOW तक बदले गए अफसर - September 22, 2026
- बीजेपी सांसद कंगना रनौत के मामले की सुनवाई अब 7 अक्टूबर को: रिवीजन याचिका के निस्तारण तक बहस टालने के लिए वादी ने दिया प्रार्थना पत्र - September 22, 2026
- बाबा दुर्बलनाथ की जय-जयकार से गूंजा आगरा: संत शिरोमणि के 165वें जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब - September 22, 2026