कुछ लोगों ने न वेद पढ़े हैं, न दर्शन…अरे तुम खुद ही को बचा लो, पाखंडी कहीं के, धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर बाबा रामदेव का तीखा प्रहार

NATIONAL

नई दिल्ली। योग गुरु बाबा रामदेव ने देवी-देवताओं की तुलना और सनातन धर्म के नाम पर की जा रही बयानबाजी को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना नहीं की जानी चाहिए तथा सनातन के नाम पर किसी भी तरह का ढोंग स्वीकार्य नहीं है। बाबा रामदेव ने कड़े शब्दों में नसीहत देते हुए कहा कि धर्म के नाम पर ऐसी टिप्पणियों से बचना चाहिए।

बाबा रामदेव ने तल्ख लहजे में कहा, “कुछ लोगों ने न वेद पढ़े हैं, न दर्शन, न लोकतंत्र और न ही संविधान को जानते हैं। बस बकवास करते हैं और कहते हैं कि हम सनातनी हैं, हम हिंदू धर्म को बचाएंगे। अरे तुम खुद ही को बचा लो, पाखंडी कहीं के।” उन्होंने बिना सीधे नाम लिए सनातन के नाम पर की जा रही बयानबाजी को लेकर जमकर नाराजगी जाहिर की।

;

​’माफी और दर्शन के बाद भी वही बात, यह ढोंग नहीं चलेगा’

​बाबा रामदेव ने आगे कहा, “जो देवी-देवताओं की तुलना करे और कहे कि राम महान हैं, कृष्ण तो टेढ़े-मेढ़े हैं और फिर माफी मांग ली। इसके बाद फिर बांकेबिहारी के यहां जाकर मत्था टेक दिया और उसके बाद भी बोल रहे हैं कि कृष्ण तो टेढ़े ही हैं। तुम सनातन के नाम पर ढोंग नहीं कर सकते।” उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसे बयानों से समाज में भ्रम फैलता है और धार्मिक मर्यादाएं आहत होती हैं।

करैरा में कथा के दौरान हुई टिप्पणी से गहराया था विवाद

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री द्वारा भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना को लेकर दिए गए बयान पर विवाद खड़ा हुआ था। कथा के दौरान उन्होंने भगवान कृष्ण के खड़े होने की मुद्रा को लेकर टिप्पणी की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई वर्गों की भावनाएं आहत होने की बात सामने आई और प्रतिक्रियाएं तेज हो गईं।

​विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर हाथ जोड़ते हुए क्षमा मांगी थी और कहा था कि उनकी बात का गलत अर्थ निकाला गया। उन्होंने स्पष्ट किया था कि वे केवल विनोद व भक्ति रस में ऐसी बातें कह रहे थे और किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना उनका उद्देश्य नहीं था। इसके बावजूद बयानों के सिलसिले और उस पर आई प्रतिक्रियाओं को लेकर चर्चाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh