​आगरा में हाई-प्रोफाइल ‘सोसाइटी वॉर’: पूर्व राज्य मंत्री नितिन गुप्ता और पत्नी समेत 10 पर केस, महिला से मारपीट का आरोप

Crime

आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र में एक सोसाइटी को लेकर हुए विवाद ने मारपीट और अभद्रता के मामले का रूप ले लिया। इस प्रकरण में पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री नितिन गुप्ता, उनकी पत्नी रिंकी गुप्ता सहित 8–10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी अलग एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

बताया गया है कि विवाद की शुरुआत सोसाइटी में कथित अवैध गतिविधियों का विरोध करने से हुई। पीड़ित महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी पक्ष नाराज हो गया और मामला बढ़ गया। स्थिति बिगड़ने पर उसने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल किया। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता की गई।

शिकायत के मुताबिक महिला के साथ लात-घूंसे से मारपीट की गई, बाल पकड़कर घसीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। महिला का यह भी आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भी हाथापाई हुई। उसने सोसाइटी में फर्जी सुरक्षा गार्ड रखे जाने और असामाजिक तत्वों की मौजूदगी का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद उसने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस से गुहार लगाई है।

दूसरी ओर, रिंकी गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने शशि गुप्ता और विवेक गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रिंकी गुप्ता का आरोप है कि उनके साथ बदसलूकी और हाथापाई की गई, साथ ही अनुचित तरीके से छूने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।

थाना हरीपर्वत पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh