आगरा। ताजनगरी के थाना हरीपर्वत अंतर्गत नगला छिद्दा इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ नशे की लत में अंधे हुए एक बड़े भाई ने अपने ही 20 वर्षीय सगे भाई की पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्यारा भाई इतना क्रूर निकला कि वारदात के बाद वह मासूम भाई की लाश को घसीटते हुए पड़ोस के गोदाम में फेंक आया और खुद घर जाकर चैन से सो गया।
शादी में गए थे माता-पिता, पीछे से हो गया कांड
जानकारी के मुताबिक, सब्जी विक्रेता लक्ष्मी नारायण के तीन बेटे हैं। रविवार को लक्ष्मी नारायण अपनी पत्नी और सबसे छोटे बेटे के साथ एक शादी समारोह में गए थे। घर पर 26 वर्षीय पवन और 20 वर्षीय अजय मौजूद थे। पवन नशे का आदी है और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती। रात करीब 10 बजे दोनों भाइयों के बीच किसी बात पर कहासुनी हुई, जो खूनी संघर्ष में बदल गई।
पत्थरों से कुचला सिर, फिर लाश को घसीटा
नशे में धुत पवन ने आपा खो दिया और पास ही पड़े पत्थरों से अजय पर हमला कर दिया। उसने अजय के सिर और चेहरे को पत्थरों से बुरी तरह कुचल दिया। अजय जब मरणासन्न हो गया, तो पवन उसे घसीटते हुए पास के लकड़ी के गोदाम में ले गया और वहां पटक कर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब पड़ोसियों की नजर पड़ी, तो वे अजय को एस.एन. मेडिकल कॉलेज ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
सूचना मिलने पर हरीपर्वत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी पवन को गिरफ्तार कर लिया है। घर के आंगन में फैला खून और बिखरे पत्थर इस बात की गवाही दे रहे थे कि संघर्ष कितना भीषण था। परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। इस घटना के बाद से पूरे नगला छिद्दा इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।
- आगरा में प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी बोले- “सपा ने सनातन और साधु-संतों को बदनाम करने की सुपारी ले रखी है” - August 12, 2026
- मराठी स्टाइल में बुलेट चलाने वाली युवती ने मांगी माफी: “मुझे माफ कर दीजिए, मैं भी आपकी बहन-बेटी जैसी हूं”, डिलीट की सारी रील्स - August 12, 2026
- बुलंदशहर में खौफनाक वारदात: शादी से इनकार करने पर 38 वर्षीय प्रेमिका के सीने, गले और चेहरे पर चाकू से किए 17 वार, बेरहमी से हत्या - August 12, 2026