आगरा। शाहगंज थाना क्षेत्र में आगरा-जगनेर रोड स्थित नरीपुरा में बुधवार-गुरुवार की रात उस समय दो परिवारों पर वज्रपात हुआ, जब भीषण गर्मी से परेशान होकर डिवाइडर पर बैठे दो लोगों को ट्रेलर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका पैर कट गया है।
घटना रात एक बजे की है, जब तांतपुर की ओर से पत्थर लादकर आ रहा ट्रेलर ने नरीपुरा में डिवाइडर पर बैठे दो लोगों को चपेट में ले लिया। दोनों ट्रेलर के नीचे फंस गये थे। मृतक की पहचान मुबीन चक्की वाला (55 वर्ष), पुत्र बुंदू खां के रूप में हुई है। घायल का नाम छोटे खां पुत्र इमामी खां है, जिसका पैर कट गया है।
बताया गया कि रात करीब 10 बजे इलाके की बिजली चली गई थी, जिससे परेशान होकर कुआं वाली गली निवासी ये दोनों लोग डिवाइडर पर आकर बैठ गए थे। उसी समय अनियंत्रित ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया। कुछ लोगों का कहना थे कि दोनों लोग दवा लेने के लिए घर से निकले थे कि ट्रेलर की चपेट में आ गये।
हादसे के बाद दोनों लोग ट्रेलर के नीचे फंस गए थे। सूचना पर शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंची और चेन कुप्पी व जेसीबी मशीन मंगाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। तब तक मुबीन की मौत हो चुकी थी, जबकि छोटे खां को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है। हादसे की खबर मिलते ही कुएं वाली गली में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
- आगरा में प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने पहले युवती को मारी गोली, फिर खुद को भी उड़ाया - October 7, 2026
- आगरा जनकपुरी महोत्सव: मिथिला की तर्ज पर सजा विवाह स्थल; राजा-रानी के स्वरूपों ने निभाई कन्यादान की रस्म, गूंजे ‘जय श्रीराम’ और ‘जय तुलसी माता’ के जयकारे - October 7, 2026
- दिल्ली में विपक्ष का जोरदार प्रदर्शन: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बोले- ‘ज्ञानेश कुमार देश के वैध चुनाव आयुक्त नहीं हैं’ - October 7, 2026