आगरा: जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत गणना पत्र मैपिंग कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। सोमवार को सूरसदन सभागार में आयोजित बैठक में विधानसभा आगरा कैंट और विधानसभा आगरा नॉर्थ क्षेत्र के बीएलओ, सुपरवाइजर एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गणना पत्र मैपिंग कार्य में खराब प्रगति वाले बीएलओ और सुपरवाइजर से सीधे संवाद किया और उन्हें कार्य की महत्ता समझाते हुए शीघ्रता एवं गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एसआईआर-2026 के तहत गणना पत्र मैपिंग कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर उपजिला मजिस्ट्रेट सदर सचिन राजपूत द्वारा विधानसभा आगरा कैंट एवं आगरा नॉर्थ के सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों को पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से गणना पत्र मैपिंग से संबंधित विस्तृत जानकारी और प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रश्नोत्तर कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें बीएलओ द्वारा उठाई गई शंकाओं और व्यावहारिक समस्याओं का समाधान किया गया।
बैठक में विशेष रूप से उन बीएलओ और सुपरवाइजरों को चिन्हित कर उन्हें अतिरिक्त मार्गदर्शन दिया गया, जिनकी प्रगति सबसे कमजोर पाई गई थी। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, जिसमें बीएलओ और सुपरवाइजर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए गणना पत्र मैपिंग की प्रक्रिया को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को मजबूत और भरोसेमंद बनाया जा सके।
- आगरा: खाटू श्याम मंदिर में ‘दान पात्र’ पर पैर रखने वाली तस्वीर से विवाद, पुजारी ने मांगी सार्वजनिक माफी - June 11, 2026
- श्याम नाम की सरिता में गोते लगाते भक्त: आगरा के बल्केश्वर में सजे ‘श्याम बाबा’, नौका विहार महोत्सव में उमड़ा आस्था का जनसैलाब - June 11, 2026
- श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग: भागवत कथा में छाई भक्ति की बयार, ‘नंद के आनंद भयो’ से गुंजायमान हुआ आगरा का वजीरपुरा - June 11, 2026