शिवमय हुई ताजनगरी: कहीं निकली भूत-प्रेतों वाली अनूठी बारात, तो कहीं अलौकिक ‘शिव-विवाह’ ने मोहा मन

RELIGION/ CULTURE

आगरा: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ताजनगरी पूरी तरह भोलेनाथ की भक्ति के रंग में रंगी नजर आई। शहर के गली-कूचों से लेकर प्रमुख मंदिरों तक ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष गूंजते रहे। जोगीपाड़ा से लेकर सिकंदरा तक निकाली गई भव्य शोभायात्राओं और शिव बारात में भस्म-गुलाल की होली के बीच हजारों श्रद्धालु झूमते दिखाई दिए।

​नंदी पर सवार शिव और भूत-प्रेतों की टोली

जोगीपाड़ा, शाहगंज से जोगी समाज द्वारा निकाली गई शोभायात्रा इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र रही। नंदी पर सवार त्रिशूलधारी शिव और हाथ में खप्पर लिए महाकाली के स्वरूपों के साथ भूत-प्रेतों की टोली ने सजीव चित्रण प्रस्तुत किया। 11 आकर्षक झांकियों के साथ यह यात्रा शिवाजी नगर और रामनगर पुलिया होते हुए मंदिर परिसर पहुँची।

शिव बारात का भव्य आयोजन

श्री महाकाल सेवा समिति के चार दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव के तहत नील फ्लोरेंस, भावना एस्टेट से सिकंदरा स्थित महाकाल मंदिर तक शिव बारात निकाली गई। पूजा-अर्चना के बाद गणेश जी की अगुवाई में बारात रवाना हुई। सुसज्जित रथ पर भगवान शिव का स्वरूप विराजमान रहा, जबकि राम दरबार, बिहारी जी और शिव परिवार की झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 16 फरवरी को सामूहिक विवाह और 17 फरवरी को प्रसादी वितरण के साथ महोत्सव का समापन होगा।

शिव विवाह लीला ने किया भावुक

नवीन गल्ला मंडी परिसर में श्री श्यामा श्याम भागवत आयोजन समिति के रासोत्सव में पहली बार शिव विवाह लीला का मंचन हुआ। भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे देख श्रद्धालु भावुक हो उठे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और समिति पदाधिकारी भी मौजूद रहे। डमरू, शंखनाद और शिव गणों की बारात मुख्य आकर्षण रही।

कावेरी मंदिर में पूजन-अभिषेक

कमला नगर स्थित कावेरी मंदिर में भी दिनभर धार्मिक कार्यक्रम हुए। दुग्धाभिषेक, जलाभिषेक, सामूहिक आरती और प्रसाद वितरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा।

महाशिवरात्रि पर हुए इन आयोजनों ने शहर में श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत दृश्य पेश किया, जहां हर वर्ग के लोग भक्ति में लीन नजर आए।

Dr. Bhanu Pratap Singh