आगरा में ड्रग विभाग की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, फुब्बारा मार्केट में 15 टीमों का बड़ा छापा, लावारिस मिलीं प्रतिबंधित दवाएं

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी के सबसे बड़े दवा कारोबार केंद्र फुब्बारा मार्केट में रविवार को औषधि विभाग ने ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ जैसी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सहायक औषधि आयुक्त अतुल उपाध्याय के नेतृत्व में 15 टीमों ने एक साथ माहेश्वरी मार्केट, हींग की मंडी और खिन्नी गली में धावा बोला। इस अचानक हुई छापेमारी से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और कई दुकानदार शटर गिराकर भाग निकले।

लावारिस मिला नशीली दवाओं का जखीरा

कार्रवाई के दौरान माहेश्वरी मार्केट की तीसरी मंजिल पर ‘स्पास्मो’ नामक नशीली दवाओं का एक कार्टून लावारिस हालत में मिला। टीम ने तुरंत इसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। विभाग अब उस फर्म की तलाश कर रहा है जिसने बिना किसी दस्तावेज के इन प्रतिबंधित दवाओं को यहाँ छिपाया था। इसके अलावा विश्वनाथ फार्मा और मोंटू नामक व्यक्ति के ठिकानों पर भी गहन जांच की गई।

​दुकानदार फरार, स्टॉक और बिलों का मिलान जारी

​खिन्नी गली में जब टीम प्रदीप नामक कारोबारी की दुकान पर पहुँची, तो वह मौके से फरार हो गया। विभाग ने दुकान को कब्जे में लेकर दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। देर रात तक जारी इस कार्रवाई में अधिकारी थोक व्यापारियों के ​स्टॉक रजिस्टर और उपलब्ध दवाओं का मिलान कर रहे हैं।परचेज और सेल बिल की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।संदिग्ध दवाओं के सैंपल लेकर लैब भेजे जा रहे हैं।

अवैध दवा कारोबार पर बड़ी चोट

सहायक औषधि आयुक्त अतुल उपाध्याय के अनुसार, यह छापेमारी दवाओं की अवैध सप्लाई चेन और टैक्स चोरी रोकने के उद्देश्य से की गई है। विभाग यह भी जांच रहा है कि कहीं सैंपलिंग प्रक्रिया में कोई खेल तो नहीं चल रहा। माना जा रहा है कि इस बड़ी कार्रवाई के बाद कई बड़े दवा माफियाओं के नाम सामने आ सकते हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh