कमला नगर आते ही छोड़ दी कार, पैदल ही चले, साथ में युवाओं की संख्या अधिक
कदम-कदम पर पुष्पवर्षा, माल्यार्पण, साफा, चाय, शीतलपेय, कई स्थानों पर आतिशबाजी
डॉ. भानु प्रताप सिंह
Live Story Time
Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat. यह तो मैं जानता हूँ कि आगरा की पॉश कॉलोनी कमला नगर में नवीन जैन का आवास है। वही नवीन जैन जो आगरा के महापौर रहे हैं। वही नवीन जैन जो 27 फरवरी, 2024 को राज्यसभा सांसद निर्वाचित हुए हैं। वही नवीन जैन जिनकी पहचान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में है। कमला नगर में उनके साथ क्या-क्या हुआ, यह तो मैं आगे बताऊँगा। खबर पूरी पढ़ेंगे तो सही बात पल्ले पड़ेगी।
कमलानगर में एक से एक धनवान रहते हैं। एक से बढ़कर एक कोठियां हैं। शो रूम भी कई मंजिल वाले हैं। ऐसा लगता है कि मां लक्ष्मी ने कमलानगर पर जमकर आशीष बरसाया है। ऐसे कमलानगर के डी ब्लॉक में रहते हैं नवीन जैन। पुराने हो चुके घर का नया निर्माण किया जा रहा है सो कुछ समय के लिए शास्त्रीपुरम फार्म हाउस में रहने के लिए आ गए हैं। मैं देखना चाहता था कि नवीन जैन का अपने मोहल्ले यानी अपने घर में कितना सम्मान है। इसलिए स्वागत जुलूस के आगमन से एक घंटा पहले ही आ गया था।

29 फरवरी, 2024 को फतेहाबाद रोड स्थित होटल रामाडा से शुरू हुआ स्वागत जुलूस पुरानी मंडी रोड, माल रोड, एमजी रोड, बाईपास होते हुए कमला नगर आया। जैसे ही सेंट्रल बैंक रोड आया, नवीन जैन अपनी लघु कार से नीचे उतर गए। यह देख सभी चौंक गए। लोग कहने लगे कि कार में बैठे रहें ताकि जल्दी पहुंच सकें। वे नहीं माने। पैदल-पैदल चलने लगे। कुछ युवाओं ने उन्हें अपने घेरे में ले लिया। नैक दूर ही चल पाए थे कि फूलों की बारिश होने लगी। लोग गुलाब के पुष्पों की माला लेकर तैयार खड़े थे। सिर्फ माला पहनानी है तो चल जाएगा लेकिन सबको सेल्फी लेनी है और वीडियो बनाना है।
शो रूम आते गए और स्वागत सम्मान होता गया। लोग शर्बत, शीतल पेय, चाय, समोसा लेकर बैठे थे। साथ ही गाना बज रहा था- मेरे राम आएंगे…। संचालन कर रहे पार्षद प्रदीप अग्रवाल कह रहे थे- हमारे राम आए हैं। कुछ दूर चले तो आतिशबाजी होने लगी। राम के आगमन पर दीपों की आवली सजाते हैं और पटाखे फोड़ते हैं। कुछ ऐसा ही दृश्य दिखाई दिया। आतिशबाजी कई जगह हुई।

मुझे बड़ा ताज्जुब हो रहा था कि किसी नेता का अपने मोहल्ले में इतना अधिक सम्मान, आखिर क्यों? पत्रकार हूँ तो खोजबीन शुरू कर दी। नेमकुमार जैन बोले- “नवीन जी अमीरों के अमीर हैं लेकिन उनका व्यवहार मित्रवत रहता है। ऐसे नेता को तो हम पलकों पर बैठाते हैं।” उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष राकेश गर्ग से पूछा तो कहने लगे “नवीन जी का काम और व्यवहार बोलता है। वृक्ष पर फल लगते हैं तो वह झुक जाता है। कुछ ऐसे ही हैं नवीन जैन। जैसे-जैसे उन पर ऊंचे पद आ रहे हैं, वे उतने ही विनम्र होते जा रहे हैं। ऐसे व्यक्ति का अभूतपूर्व सम्मान क्यों नहीं होगा? ” मैंने यही सवाल प्रदीप अग्रवाल पार्षद से किया तो वे मुस्कुराए और कहा- “आगे-आगे देखिए क्या होता है? ”
युवा बार-बार नवीन जैन जिंदाबाद का नारा लगाते लेकिन नवीन जैन इशारे से मना करते। मुझे लगता है कि अपने घर (मोहल्ले) में अपनी जिंदाबाद कराना कुछ अटपटा सा है और इसी कारण नवीन जैन इससे बच रहे थे।

कदम-कदम पर पुष्पवर्षा, माल्यार्पण, चाय, शीतल पेय और कई स्थानों पर आतिशबाजी, मैंने प्रथम बार देखा। सेट्रल बैंक रोड, श्रीराम चौक और आगे सड़क तक होर्डिंग ही होर्डिंग थे। सबमें एक ही बात- नवीन जैन का स्वागत।
नवीन जैन ने सेंट्रल बैंक रोड पर करीब शाम 7 बजे प्रवेश किया। श्रीराम चौक पर आते-आते 7.45 हो गए। सात मिनट की दूरी पौन घंटा में पूरी कर पाए। इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि उनके प्रति स्नेह और प्यार था।
एक बात और मैंने नोट की। नवीन जैन को देखकर उनकी आयु का अनुमान लगाना कठिन है लेकिन हैं वे वरिष्ठ नागरिक। इसके बाद भी उनके साथ उनकी आयु के समकक्ष लोग कम और युवा अधिक थे। यही युवा तो भारत का भविष्य हैं। इन युवाओं का जोश देखते ही बनता था।
स्वागत सत्कार के बीच श्रीराम चौक पर मंदिर में मत्था टेका। मंदिर से राकेश गर्ग के आवास की ओर चले। मार्ग में एक कोठी को सुंदर ढंग से सजाया गया था। यहां बड़ी संख्या में अबाल, वृद्ध, नर, नारी जमा थे। जब तक मैं किसी से पूछता कि कि कोठी किसकी है, मुझे धर्म प्रेमी प्रदीप जैन (पीएनसी वाले) दिखाई दिए। चक्रेश जैन तो साथ चल ही रहे थे। नवीन जैन को देखा तो परिवार की महिलाएं नृत्य करने लगीं। नवीन जैन का तिलक किया गया। मालाएं पहनाई गईं। फिर एक विशाल माला पहनाई। नवीन जैन ने प्रयास किया कि भ्रातागण प्रदीप जैन और चक्रेश जैन भी माला पहनें लेकिन दोनों भाइयों ने साफ मना कर दिया। चमक-दमक से दूर रहने का भी यह एक उदाहरण है।
विलम्ब काफी हो गया था। स्वागत जुलूस का संचालन कर रहे पार्षद प्रदीप अग्रवाल ने सांसद नवीन जैन को आगे बढ़ने का इशारा किया। घर की महिलाएं मन भर कर देख लेना चाहती थी कि सांसद बनने के बाद नवीन जैन कैसे लग रहे हैं लेकिन पार्षद प्रदीप अग्रवाल ने इस सुअवसर से वंचित कर दिया। वे भी क्या करते, कार्यक्रम संयोजक बने हैं तो कुछ कठोर निर्णय लेने ही पड़ते हैं।
श्री राकेश गर्ग के आवास पर आ गए। घर के बाहर एक मंच बनाया गया था, जिसे गुब्बारों से सजाया गया था। यहां संक्षिप्त उद्बोधन दिया। सबको मदद का भरोसा दिया। आभार जताया। इससे पहले विशालकाय माला पहनाई गई। बड़ी संख्या में जमा लोगों ने माला पहनाई और सेल्फी लेने लगे। कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा हो गई लेकिन लोग नवीन जैन को घेरे रहे। अपने सांसद के साथ फोटो खिंचवाने की लोभ संवरण नहीं कर पा रहे थे। यहां बड़ी संख्या में महिलाएं भी जमा थीं।
अच्छा हुआ कमला नगर में राज्यसभा सांसद नवीन जैन के साथ भाजपा के अन्य नेता नहीं थे। होते तो क्या होता? होता क्या, ईर्ष्या से जलभुन जाते। जी हां, कुछ ऐसा ही होता। यह कोई कल्पना नहीं बल्कि हकीकत है। जिन लोगों ने कमलानगर में राज्यसभा सांसद नवीन जैन का सम्मान और स्वागत देखा है वे स्वयं को भाग्यशाली मान सकते हैं। क्या पता फिर ऐसा अभूतपूर्व स्वागत और सम्मान देखने को मिले न मिले।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन से आशा, आगरा के विकास के लिए काम करते रहेंगे
- Agra News: भीषण गर्मी में लीडर्स आगरा ने की नेक पहल, ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को प्रदान की पानी ठंडा रखने वाली बोतलें - April 20, 2025
- शादी में दूल्हा-दुल्हन को दोस्तों ने दिया तोहफ़े में नीला ड्रम, चौंक गए घराती और बाराती, फोटो-वीडियो हुआ वायरल - April 20, 2025
- शादी में दूल्हा-दुल्हन को दोस्तों ने दिया तोहफ़े में नीला ड्रम, चौंक गए घराती और बाराती, फोटो-वीडियो हुआ वायरल - April 20, 2025