नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में हुए भीषण विस्फोट के बाद अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इस धमाके के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है।
अजय राय ने कहा, “घटना की जिम्मेदारी कौन लेगा? अमित शाह इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें तुरंत इस्तीफा देकर घर जाना चाहिए। यह सरकार की स्पष्ट विफलता है। गृह मंत्री कल चुनावी प्रचार में व्यस्त थे, जबकि राजधानी में धमाका हो गया।
“पुलवामा से दिल्ली तक सरकार नाकाम रही”
कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार पर आतंकी घटनाओं पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “वे दावा करते हैं कि कोई घुसपैठिया प्रवेश नहीं कर रहा है, तो फिर ऐसी घटनाएं कैसे हो रही हैं? कुछ दिन पहले पहलगाम में हमारे बच्चों की हत्या कर दी गई थी, उससे पहले पुलवामा हुआ था। हर बार कहते हैं कि सब कुछ नियंत्रण में है, लेकिन सच्चाई सबके सामने है।”
अजय राय ने कहा कि सरकार “सिर्फ चुनावी भाषणों में सुरक्षा का दावा करती है, जमीन पर नतीजे शून्य हैं।”
दिल्ली में शाम सात बजे हुआ था विस्फोट
सोमवार शाम करीब 7 बजे सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल के पास हुआ यह धमाका इतना जोरदार था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इस हमले में 8 लोगों की मौत और कई घायल हुए हैं।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में गैरकानूनी गतिविधियां अधिनियम (UAPA), विस्फोटक अधिनियम, और भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फॉरेंसिक और खुफिया एजेंसियां घटना के कारण और मकसद की जांच कर रही हैं।
अमित शाह ने बुलाई थी उच्चस्तरीय बैठक
हमले के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने आवास पर उच्च-स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक बुलाई। इसमें गृह सचिव गोविंद मोहन, आईबी प्रमुख तपन डेका, एनआईए प्रमुख सदानंद वसंत दाते, और दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा मौजूद थे।
जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात भी इस बैठक में वर्चुअली शामिल हुए। बैठक में पूरे देश में सुरक्षा बढ़ाने और आतंकवादी नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के निर्देश दिए गए।
फिलहाल जांच एजेंसियां इस धमाके के आतंकी कनेक्शन की पड़ताल में जुटी हैं, वहीं विपक्ष ने इसे सरकार की नाकामी बताते हुए गृह मंत्री की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
साभार सहित
- आगरा नगर निगम: ‘अफ़सरशाही’ बनाम ‘जनप्रतिनिधि’ या रणनीतिक चूक? मेयर और नगर आयुक्त के टकराव की पूरी इनसाइड स्टोरी - March 24, 2026
- आगरा शिक्षा विभाग में हाई-वोल्टेज ड्रामा: नियुक्ति पत्र रोकने पर भड़के शिक्षक अभ्यर्थी, गेट बंद कर धरने पर बैठे; झुकना पड़ा प्रशासन को - March 24, 2026
- Agra News: बरहन में मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक के उड़े परखच्चे, शिनाख्त की कोशिशों में जुटी पुलिस - March 24, 2026