अहमदाबाद : अहमदाबाद में हुए प्लेन हादसे में अब तक 297 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। विमान में सवार 242 लोगों में से 241 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में सिर्फ एक यात्री की जान बच पाई है। मृतकों में 229 लोग यात्री थे, जबकि 12 विमान के क्रू मैंबर्स थे। इसके अलावा प्लेन क्रैश करने के बाद जिस मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर गिरा था वहां मौजूद 56 लोगों की भी जान चली गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हादसे वाली जगह पहुंच गए हैं। कल गृह मंत्री अमित शाह ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया था। इस बीच विमान हादसे की जांच भी तेज हो गई है। सरकार ने जांच के लिए हाई लेवल कमेटी बनाई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद एयरपोर्ट पर समीक्षा बैठक कर रहे हैं। इस दौरान गुजरात के सीएम और गृह मंत्री भी मौजूद हैं। गुजरात के अन्य अधिकारी भी इस बैठक में शामिल हैं।
PM मोदी बोले- तबाही का मंजर बेहद दुखद
पीएम मोदी ने X पोस्ट में लिखा- ‘आज अहमदाबाद में दुर्घटनास्थल का दौरा किया। तबाही का मंजर बेहद दुखद है। राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमों और अधिकारियों से मुलाकात की, जो लगातार मेहनत कर रहे हैं। इस त्रासदी में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, हमारी संवेदनाएं उनके साथ हैं।’
उन्होंने कहा- इस विमान दुर्घटना से हम सभी बेहद दुखी और स्तब्ध हैं। इतने लोगों की अचानक और दिल तोड़ देने वाली मौत को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति हम गहरी संवेदना प्रकट करते हैं। हम उनके दर्द को समझते हैं और जानते हैं कि इस हादसे से जो खालीपन बना है, उसे भरने में सालों लग जाएंगे।
जीवित बचे एकमात्र यात्री से भी मिले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अहमदाबाद विमान हादसे में जिंदा बचने वाले एकमात्र यात्री विश्वास कुमार से मुलाकात की। पीएम मोदी ने अहमदाबाद के सिविल अस्पताल जाकर उनका हालचाल भी जाना। इस दौरान पीएम मोदी ने दिशा-निर्देश दिए कि उनके इलाज में किसी तरह की कोई कोताही न बरती जाए और उनका बेहतर से बेहतर इलाज किया जाए।
ज्ञात रहे कि 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान AI 171 हादसे का शिकार हो गया। यह विमान सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के लिए उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
बताना चाहेंगे एअर इंडिया ने आधी रात बाद पुष्टि की कि दुर्घटना में बोइंग 787-8, एअर इंडिया की उड़ान 171 में सवार कुल 241 लोग मारे गए हैं, जिनमें 12 चालक दल के सदस्य शामिल हैं। एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए संचालित होने वाली इस उड़ान में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, सात पुर्तगाली नागरिक और एक कनाडाई नागरिक सवार थे। टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन ने अधिक जानकारी प्रदान करने के लिए एक समर्पित यात्री हॉटलाइन नंबर, 1800 5691 444 स्थापित किया है।
देश के बाहर से कॉल करने वाले लोग +91 8062779200 पर संपर्क कर सकते हैं। जीवित बचा व्यक्ति भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक बताया गया है। विमान का संचालन कैप्टन सुमित सभरवाल कर रहे थे। 8,200 घंटों की उड़ान का अनुभव रखने वाले सुमित लाइन ट्रेनिंग कैप्टन थे। उनकी सहायता फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर कर रहे थे, उन्हें 1,100 घंटे की उड़ान का अनुभव प्राप्त था।
- आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में गूंजे ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे: 400 से अधिक शिक्षक-छात्रों ने निकाली भव्य तिरंगा रैली - August 11, 2026
- आगरा में क्रिप्टो निवेश के नाम पर साइबर ठगी: बुजुर्ग से ठगे गए लाखों रुपये, मौत के बाद बेटे ने बैंक खातों की जांच की तो हुआ खुलासा - August 11, 2026
- आगरा में साइबर ठगों का नया पैंतरा: युवती की फोटो लगाकर इंस्टाग्राम पर बनाई फर्जी आईडी, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे रुपय - August 11, 2026