आगरा। वीर सपूतों का बलिदान केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि राष्ट्र की चेतना में सदैव जीवित बना रहता है। मातृभूमि की रक्षा में दिए गए उनके सर्वोच्च त्याग और अदम्य साहस की गाथा भावी पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती है। इसी भावना को समर्पित करते हुए शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में सूरसदन प्रेक्षागृह में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन ‘ऐ वतन तेरे लिए’ का आयोजन किया गया। कैप्टन शुभम फाउंडेशन और भारत विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस काव्य संध्या में देश के विभिन्न हिस्सों से पधारे प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी ओजस्वी, भावुक और देशप्रेम से परिपूर्ण कविताओं के जरिए शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
आयोजन के दौरान कविताओं में कहीं सैनिकों की वर्दी के सम्मान और सरहद पर उनके शौर्य की गूंज उभरी, तो कहीं देश के प्रति समर्पण, शहीद परिवारों की साधना और सांस्कृतिक विरासत के रंग नजर आए। पूरा प्रेक्षागृह राष्ट्रप्रेम व शौर्य के भावों से ओतप्रोत हो उठा, वहीं श्रोताओं ने करतल ध्वनि और भारत माता के जयघोष के साथ कवियों की हौसलाअफजाई की।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
इस देशभक्तिपूर्ण आयोजन की शुरुआत केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, महापौर हेमलता दिवाकर, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद के चेयरमैन पूरन डावर, पूर्व राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह, माथुर वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश गुप्ता, उद्यमी एवं चांदी कारोबारी अजय गोयल, भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय सहसंयोजक डॉ. तरुण शर्मा, क्षेत्रीय संरक्षक डॉ. केशव दत्त गुप्ता तथा एडवोकेट बसंत गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर की।
भारत विकास परिषद की विभिन्न शाखाओं की महिला पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदेमातरम’ प्रस्तुत किया, जिसकी स्वर लहरियों से सभागृह में राष्ट्रभाव का वातावरण बन गया।
डॉक्यूमेंट्री में सजीव हुई कैप्टन शुभम की जीवन यात्रा
कवि सम्मेलन के मध्य शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के व्यक्तित्व व कृतित्व पर केंद्रित डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई। इसमें उनके बचपन, जीवन सफर, सैन्य सेवा, राष्ट्र के प्रति निष्ठा और मातृभूमि की रक्षा में दिए गए बलिदान के संस्मरण संजोए गए थे। पर्दे पर शहीद की जीवन यात्रा और समर्पण को देखकर उपस्थितजन भावुक हो उठे और यह महसूस किया कि किस प्रकार सैनिक राष्ट्र की हिफाजत के लिए अपना सर्वस्व अर्पण कर देते हैं।
‘वर्दियां वर्दियां वर्दियां…’ से गूंजा सभागृह
जबलपुर से आए कवि सुदीप भोला ने सैनिकों की वर्दी के गौरव और देश के प्रति समर्पण को अपनी काव्य पंक्तियों में प्रभावशाली ढंग से पिरोया। उन्होंने सुनाया—
“वर्दियां वर्दियां वर्दियां ये वर्दियां, सैनिकों की वर्दियां सिपाहियों की वर्दियां, जो वतन के वास्ते खून से सनीं रहीं, रेशे-रेशे देश के लिए बनी रहीं… तन हुए थे खाक फिर भी खाकियां तनी रहीं।”
उनकी रचना के माध्यम से सैनिकों की वर्दी को राष्ट्र की आन, प्रतिष्ठा और बलिदान का प्रतीक बताया गया। वहीं भोपाल के कवि पवन जैन ने जीवन के संघर्षों और मानवीय पीड़ा को अपनी कविताओं में स्वर दिया। उन्होंने कहा—
“बंद हो थाने के पट ऐसा कभी होता नहीं, शहर सोए चैन से बस इसलिए सोता नहीं, कर्म पथ में है मिले मुझको मगर कांटे बहुत, आदमी हूं कैसे कह दूं मैं कभी रोता नहीं।”
तिरंगे की शान और सांस्कृतिक मूल्यों का बखान
दिल्ली से पधारे कवि व मंच संचालक डॉ. प्रवीण शुक्ला ने तिरंगे की गरिमा, सांस्कृतिक धरोहर और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। उनकी पंक्तियां रहीं—
“लालकिले पर फर-फर, फर-फर फहरे मस्त तिरंगा, मानव मन में निर्मल निर्झर बहे प्यार की गंगा।”
लखनऊ की कवयित्री डॉ. कविता तिवारी ने शहीदों के त्याग को राष्ट्र की वास्तविक ताकत बताते हुए अपनी ओजस्वी प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने पढ़ा—
“अगर माटी के पुतले देह में ईमान जिंदा है, तभी इस देश की समृद्धि का अरमान जिंदा है, न भाषण से हैं उम्मीदें, न वादों पर भरोसा है, शहीदों की बदौलत मेरा हिंदुस्तान जिंदा है।”
‘शुभम आज भी धड़क रहे हैं भारत मां के सीने में’
इटावा के कवि गौरव चौहान ने शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता को स्मरण करते हुए उनके बलिदान को चिरंजीवी बताया। उन्होंने सुनाया—
“खुशबू भारत की बसती थी जिसके खून-पसीने में, शुभम आज भी धड़क रहे हैं भारत मां के सीने में, यहां पर मौज है क्योंकि वहां फौज है।”
इंदौर के युवा कवि एकाग्र शर्मा ने भारतीय सेना के पराक्रम और राष्ट्र गौरव पर अपनी रचना प्रस्तुत करते हुए कहा—
“हमारी सेना हमारी आन-बान-शान है, सेना से जुड़ा पूरे देश का स्वाभिमान है, सेना से ही मां भारती का ऊंचा भाल है, दोस्तों की दोस्त, दुश्मनों के लिए काल है।”
नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम जगाने का उद्देश्य
कार्यक्रम के संस्थापक एवं शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के पिता एडवोकेट बसंत गुप्ता तथा माता पुष्पा गुप्ता ने कहा कि कैप्टन शुभम का शौर्य और मातृभूमि के प्रति समर्पण हमेशा युवाओं को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में देशप्रेम की भावना जागृत करने, फौजियों के प्रति आदर भाव बढ़ाने और शुभम की यादों को जीवित रखने के उद्देश्य से यह राष्ट्रीय कवि सम्मेलन आयोजित किया गया है। कार्यक्रम का संचालन भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय संयोजक प्रमोद कुमार अग्रवाल एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष धर्म गोपाल मित्तल ने किया।
आयोजन में विनय सिंघल, डॉ. कैलाश सारस्वत, राजीव अग्रवाल, टीटू गोयल, मुकेश मित्तल, तपन अग्रवाल, अखिलेश भटनागर, राजेश गोयल, पुष्पेंद्र सिसोदिया, डॉ. अमित अग्रवाल, उमेश बंसल, सीए विवेक अग्रवाल, चन्द्रवीर सिंह, जितेंद्र बंसल, विनय सिंह, मुकेश चन्द्र गुप्ता, केके अग्रवाल, मनीष जैन, संजीव दौनेरिया, कमलेश गुप्ता, ऋषभ गुप्ता, अशोक चौबे, महेश गोयल, ब्रज मोहन अग्रवाल, योगेश कंसल, राजीव गुप्ता, डॉ. राजीव उपाध्याय, डॉ. डीवी शर्मा, सुनील विकल, दीपक ढल और डॉ. अमिता त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
- आगरा के सूरसदन में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन ‘ऐ वतन तेरे लिए’; शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता को काव्यांजलि, देशभक्ति से सराबोर हुआ सभागार - November 22, 2026
- संदेह की स्थिति में बीजेपी विधायक रेखा पात्रा की तबीयत बिगड़ी: आरएन टैगोर अस्पताल के वेंटिलेटर पर भर्ती, हालत नाजुक - November 22, 2026
- चंडीगढ़ में राहुल गांधी और विपक्ष पर बरसे बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन: बोले— ‘पार्ट-टाइम राजनेता विदेश में करते हैं देश का अपमान’ - November 22, 2026