कान्हा के रण में कंस का अंत, अधर्म पर धर्म की विजय: आगरा में आतिशबाजी के साथ धू-धू कर जला कंस का पुतला

स्थानीय समाचार

आगरा। “जब-जब धरती पर अधर्म, अनीति और अत्याचार का प्रभाव बढ़ता है, तब-तब ईश्वर सधर्म की पुर्नस्थापना के लिए अवतार धारण करते हैं।” इसी सनातन व शाश्वत संदेश के साथ ताजनगरी के बल्केश्वर स्थित गौशाला लीलास्थल पर आयोजित ‘श्रीकृष्ण लीला महोत्सव’ में अक्रूर गमन और कंस वध की लीला का अत्यंत भव्य व भावपूर्ण मंचन संपन्न हुआ।

भगवान श्रीकृष्ण की मथुरा यात्रा, अत्याचारी कंस का संहार और कारागार से माता देवकी व पिता वसुदेव की मुक्ति के दृश्यों को देखकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। लीला के समापन अवसर पर कंस के विशालकाय पुतले का दहन किया गया। इस दौरान हुई गगनभेदी आतिशबाजी ने संपूर्ण अंबर को सतरंगी रोशनियों से नहला दिया और पूरा लीलास्थल ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोषों से गुंजायमान हो उठा।

​अक्रूर गमन से लेकर कंस वध तक का भावुक मंचन

​लीला का शुभारंभ केशी उद्धार तथा व्योमासुर उद्धार के प्रसंगों के साथ हुआ। तत्पश्चात देवर्षि नारद ने कंस के दरबार में पहुंचकर श्रीकृष्ण के आगमन का संदेश सुनाया। कंस के आदेश पर अक्रूरजी भगवान श्रीकृष्ण और बलराम को मथुरा लाने ब्रज पहुंचे। अक्रूरजी के साथ कान्हा और बलराम के मथुरा प्रस्थान का दृश्य बेहद कारुणिक रहा, जिसमें गोपियों की विरह वेदना और ब्रजवासियों की व्याकुलता का कलाकारों ने जीवंत अभिनय प्रस्तुत किया।

मथुरा आगमन पर नगरवासियों ने प्रभु का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद कुवलयापीड़ हाथी का उद्धार, धनुष भंग, मल्ल युद्ध में चाणूर व मुष्टिक के वध का मंचन हुआ। अंततः भगवान श्रीकृष्ण ने अन्यायी कंस का वध कर मथुरा को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई और माता देवकी-वसुदेव को मुक्त कराकर महाराज उग्रसेन का राजतिलक किया।

​धू-धू कर जला कंस का पुतला, खिलखिलाए दांत और घूमा नाभि चक्र

​मंच पर कंस वध के उपरांत श्रीकृष्ण स्वरूप ने पुतले के समीप पहुंचकर अग्नि प्रज्वलित की। इस अवसर पर अतिथि के रूप में चेंबर अध्यक्ष मनोज बंसल, अजय गर्ग अवगढ़ और प्रशांत जैन उपस्थित रहे। उनके साथ दीपक गुप्ता, मुन्नालाल गुप्ता, संजय गर्ग, मनोज अग्रवाल, अनूप गोयल, आदर्श नंदन गुप्ता, केसी अग्रवाल, संजय अग्रवाल और गिर्राज बंसल भी शामिल हुए।

​जैसे ही पुतले ने अग्नि पकड़ी, लपटें मुख तक पहुंचीं और पुतले के दांत खिलखिलाते प्रतीत हुए। इसके तुरंत बाद पुतले से रंगीन झरना फूटा और नाभि में लगा चक्र तेजी से घूमने लगा। देखते ही देखते पुतला धू-धू कर जल उठा और राख में तब्दील हो गया।

​आतिशबाजी से आसमान में उकेरी गई ‘श्रीकृष्ण लीला महोत्सव 2026’ की छवि

​पुतला दहन से पूर्व मथुरा के प्रसिद्ध अजय कांत आतिशबाज़ की ओर से भव्य आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया। मिसाइलों की गूंज, झिलमिलाते तारों, घूमती चरखियों और रंग-बिरंगे झरनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

आतिशबाजी के माध्यम से आसमान में ‘श्री कृष्ण लीला महोत्सव 2026’ तथा ‘ॐ’ की दिव्य आकृतियां बनाई गईं।

​समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें सिखाता है कि अहंकार और अन्याय चाहे कितना भी ताकतवर क्यों न हो, सत्य के सामने उसका अंत निश्चित है। कार्यक्रम में समिति के महामंत्री विजय रोहतगी, शेखर गोयल, संजय गर्ग (बड़े), अशोक गोयल, बृजेश अग्रवाल, गिर्राज बंसल, केसी अग्रवाल, विष्णु कुमार अग्रवाल आदि ने अतिथियों का स्वागत किया।

आज शहर के मुख्य मार्गों से निकलेगी भव्य शोभायात्रा

श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के क्रम में सोमवार सायं 4 बजे से श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा में विभिन्न देवी-देवताओं की नयनाभिराम झांकियों के साथ सामाजिक चेतना जगाने वाली झांकियां भी शामिल रहेंगी।

​यह शोभायात्रा गौशाला प्रांगण (बल्केश्वर रोड) से प्रारंभ होकर जीवनी मंडी, भैरों बाजार, बेलनगंज, कचहरीघाट, छत्ता बाजार, दरेसी नंबर-2, रावतपाड़ा, सुभाष बाजार, जौहरी बाजार, कसेरट बाजार, किनारी बाजार, सेव का बाजार, फुलट्टी, छिली ईंट घटिया, सिटी स्टेशन मार्ग, धूलियागंज और बेलनगंज तिकोनिया से होते हुए पुनः गौशाला प्रांगण पर समाप्त होगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh