आगरा। ताजनगरी में आसान मुनाफे और कम समय में रकम दोगुनी करने के लालच में साइबर ठग लोगों को लगातार शिकार बना रहे हैं। आगरा में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पहले मामले में एक युवक ने एक दिन में रकम दोगुनी होने के लालच में अपने दोस्तों से एक लाख रुपये उधार लेकर साइबर ठग के खाते में भेज दिए। रकम न लौटने पर उधार देने वाले दोस्तों ने जब युवक के पिता को फोन कर एक लाख रुपये मांगे, तो बेटे के अपहरण की आशंका से घबराए पिता ने पुलिस से शिकायत कर दी।
पुलिस जांच में पूरे मामले की हकीकत सामने आई। वहीं दूसरे मामले में सिकंदरा क्षेत्र के निवासी युवक को टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से जाल में फंसाकर 2.14 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली गई। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
एक दिन में रकम डबल करने के चक्कर में गंवाए एक लाख रुपये
पहली घटना में एक युवक को साइबर ठग ने 24 घंटे में रकम दोगुनी करने का प्रलोभन दिया। लालच में आकर युवक ने दोस्तों से एक लाख रुपये उधार लिए और ठग द्वारा बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। उसे आस थी कि अगले ही दिन उसे दोगुनी रकम मिल जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जब उधार देने वाले दोस्तों ने तकादा किया तो युवक पैसे नहीं दे सका। इसके बाद दोस्तों ने युवक के पिता को फोन कर एक लाख रुपये की मांग की, जिससे घबराए पिता को लगा कि उनके बेटे का अपहरण हो गया है और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पड़ताल में सामने आया सच, इंजीनियरिंग छात्र छोड़े गए
पिता की तहरीर के आधार पर थाना शाहगंज पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। जांच में स्पष्ट हुआ कि युवक का अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि वह ऑनलाइन ठगी के झांसे में आकर दोस्तों से लिए गए रुपये गंवा बैठा है। पुलिस ने इस प्रकरण में युवक के चार दोस्तों को हिरासत में लिया, जिन्हें इंजीनियरिंग का छात्र बताया गया है, जबकि पीड़ित युवक साकेत कॉलोनी का निवासी है। डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार ने भी घटनाक्रम की जानकारी ली। पूछताछ के बाद चारों छात्रों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
टेलीग्राम ग्रुप से जोड़कर 2,14,514 रुपये की ऑनलाइन ठगी
साइबर ठगी की दूसरी वारदात सिकंदरा निवासी मनीष वर्मा के साथ हुई। आरोप है कि 27 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई और कॉल करने वाले ने उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ लिया। इसके बाद विभिन्न ऑनलाइन गतिविधियों व लेनदेन के बहाने उन्हें झांसे में लेकर अलग-अलग बैंक खातों में कुल 2,14,514 रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित ने थाकराम भादू के बैंक खाते में भी ठगी की रकम जाने का आरोप लगाया है। पुलिस अब बैंक खातों के विवरण और मनी ट्रेल की पड़ताल कर रही है।
आसान मुनाफे के लालच से बचें, तुरंत करें 1930 पर कॉल
दोनों ही मामलों में अपराधियों ने त्वरित मुनाफे का लालच देकर लोगों को शिकार बनाया। एक ओर जहां रकम दोगुनी करने के फेर में दोस्तों के पैसे तक दांव पर लगा दिए गए, वहीं दूसरी ओर टेलीग्राम ग्रुप के जरिए ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया गया। पुलिस प्रशासन लगातार नागरिकों को आगाह कर रहा है कि अनजान व्यक्तियों के खातों में रुपये न भेजें और सोशल मीडिया या टेलीग्राम पर मिलने वाले निवेश के लुभावने प्रस्तावों से सावधान रहें। ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते रकम को होल्ड या ट्रेस किया जा सके।
- आगरा में साइबर ठगी के दो मामले; एक दिन में रकम दोगुनी करने के चक्कर में गंवाए 1 लाख, टेलीग्राम ठगी में 2.14 लाख गए - November 22, 2026
- राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह का छलका दर्द; बोलीं— “धर्मपत्नी हूं, दूरी स्वीकार नहीं; रामकथा में बेटियों संग घर नहीं आने दिया” - November 22, 2026
- आगरा के सूरसदन में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन ‘ऐ वतन तेरे लिए’; शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता को काव्यांजलि, देशभक्ति से सराबोर हुआ सभागार - November 22, 2026