mansukh mandaviya minister

प्रो. एसपी सिंह की पहल पर आगरा के 8335 लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अंगदान और देहदान का बर्थडे गिफ्ट देकर रचा स्वर्णिम इतिहास

HEALTH

332 दधीचियों ने देहदान और 8003 ने अंगदान की प्रतिज्ञा ली

60 मुस्लिम महिलाओं आगे आईं, 2520 के आयुष्मान कार्ड बनाए

2024 के अंत तक हर मेडिकल कालेज में अंग प्रत्यारोपण की सुविधा

डॉ. भानु प्रताप सिंह

Live Story Time

Agra, Uttar Pradesh, Bharat, India. केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह की पहल पर आगरा ने अंगदान और देहदान का स्वर्णिम इतिहास रच दिया। ऐसा इतिहास जिसे आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी। 332 दधीचियों ने देहदान और 8003 ने अंगदान की प्रतिज्ञा ली। यह दान कोई मामूली बात नहीं है। ये लोग आँख, हृदय, आंत, पैंक्रियाज, किडनी आदि के माध्यम से मृत्योपरांत भी जीवित रहेंगे। आगरा वालों ने अंगदान और देहदान कर भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन का उपहार दिया है। जीआईसी मैदान पर केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मंडाविया, अधिकारी और जनप्रतिनिधियों के साथ हजारों लोग इस दान के साक्षी बने। भाजपा नेता दिगम्बर सिंह धाकरे के पिता  90 वर्षीय बहादुर सिंह धाकरे ने 36 परिजनों के साथ अंगदान की शपथ ली। डॉ. मंडाविया ने एक्स पर बधाई दी। मंच से बताया गया कि 60 मुस्लिम महिलाओं ने भी अंगदान की शपथ ली है।  2520 व्यक्ति आयुष्मान योजना में पंजीकृत किए गए।

केन्द्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने अंगदान दिवस पर अपने अंग दान करने के बाद यह मुहिम शुरू की। इसके बाद मंत्री के सभी परिजनों ने अंगदान की प्रतिज्ञा की। उनके पास लोगों के फोन आने लगे कि हम अंगदान कैसे कर सकते हैं। इसके बाद तो अंगदान शपथ महाशिविर आयोजित करने का विचार आया। प्रोफेसर बघेल और उनके परिजन प्रचार में लग गए। देखते ही देखते अंगदान की लहर आ गयी। 16 सितम्बर, 2023 का दिन आगरा के इतिहास में सदा के लिए अमर हो गया।

जीआईसी मैदान पर आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख  मंडाविया ने कहा कि देश के किसी शहर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर अंगदान पंजीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जीआईसी ग्राउंड में आयोजित अंगदान संकल्प कार्यक्रम को संबोधित करते हुये केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया ने कहा कि अंगदान से बड़ा कोई पुण्य का काम नहीं है। जीते जी देश के नागरिकों को रक्तदान करना चाहिये और मृत्यु के उपरान्त अंगदान करना चाहिये। उन्होंने कहा कि अंगदान के माध्यम से किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद दूसरे व्यक्ति को नया जन्म मिलता है।

organ donar
अंगदान की शपथ लेते अंगदाता

डॉ. मांडविया ने कहा कि 2024 के अंत तक देश के हर मेडिकल कालेज में अंग प्रत्यारोपण की सुविधा मिल सके, इसके लिये मशीनों की खरीद, डक्टरों की उपलब्धता और ट्रेनिंग सुनिश्चित की जायेगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जो भी अस्पताल अंग प्रत्यारोपण की सुविधा अपने यहां खोलना चाहेंगा, उन्हें भारत सरकार की तरफ से सवा करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी जायेगी। उन्होंने कहा कि अंगदान के दौरान मरीज को जीवन भर दवाईयां खानी पड़ती है, कई टेस्ट कराने पड़ते हैं, इसके लिये उस मरीज को केंद्र सरकार की तरफ से प्रतिमाह 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जायेगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंगदान को 2 प्रतिशत से बढाकर 60 प्रतिशत करना है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि मोदी सरकार देश के 60 करोड़ लोगों को 5 लाख तक की मुफ्त इलाज की गारंटी दे रही है। आयुष्मान भवः अभियान के तहत 17 सितंबर से 02 अक्टूबर, 2023 तक सेवा पखवाड़ा चलेगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों को आयुष्मान कार्ड बनवाना चाहिये।

श्री मांडविया ने कहा कि पहले देश के युवाओं को एमबीबीएस की पढाई के लिये विदेश जाना पड़ता था, लेकिन मोदी सरकार में पिछले नौ साल में एमबीबीएस की सीटों की संख्या दो गुनी हो गयी है। पहले 54000 सीटें थीं, जो कि अब बढ़कर एक लाख 07 हजार हो गयी है। आयुष्मान भव अभियान का लक्ष्य सभी स्वास्थ्य योजनाओं की पर्याप्त कवरेज सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सरकारी क्षेत्रों, नागरिक समाज संगठनों और समुदायों को एक साझा मिशन के तहत एकजुट करता है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रत्येक व्यक्ति को बिना किसी असमानता या बहिष्कार के आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हों।

mansukh mandaviya In agra
केन्द्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया का स्वागत करते राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल। साथ में भानु महाजन चौ, बाबूलाल, अशफाक सैफी।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि देश में डेढ़ लाख लोगों की दुर्घटना से मुत्यु हो जाती है। ऐसे में एक व्यक्ति मरणोपरांत आठ लोगों को जीवन दे सकता है। मनुष्य के कई सारे अंगों का दान किया जा सकता है। यह सिर्फ हृदय, लिवर और गुर्दे का दान नहीं होता। पैन्क्रियाज, फेंफड़े, छोटी और बड़ी आंत,त्वचा, हड्डी, हार्ट वाल्व और टेंडन जैसे टीश्यूज को भी दान कर सकते हैं। दान किया हुआ यह अंग किसी दूसरे व्यक्ति के शरीर में प्रत्यारोपित किया जाता है।

प्रो. बघेल ने कहा कि एस0एन0 मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर है, जिसमें शारीरिक आपरेशन किया जाता है। शीघ्र ही अंग प्रत्यारोपण हेतु सुविधाओं को प्रदान किया जायेगा। इसके लिये अहमदाबाद के डाक्टर प्रशिक्षण देने के लिये तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड धारक परिवार को प्रति वर्ष, पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है।

उन्होंने बताया कि ग्रीन कोरिडोर  बनाया जायेगा ताकि कम समय में अंगदान करने वालों को दिल्ली तक पहुंचाया जा सके। इसके लिए उड्डयन मंत्रालय से भी संपर्क किया गया है। उनसे भी सहयोग की अपील की गई हैं ताकि मरीज और डोनर दोनों को जल्द अंगदान का लाभ मिल सके।

dr harish rotela rss
आर.एस.सए. के प्रांत प्रचारक डॉ. हरीश रौतेला का स्वागत करते प्रो. एसपी सिंह बघेल।

वीडियो संदेश के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने हमेशा नागरिकों के स्वास्थ्य और भलाई को सर्वोच्च महत्व दिया है। अंग दान प्रतिज्ञा पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि अंगदान करने से दूसरे व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों को अपने अंग दान करने का संकल्प लेने के लिए प्रोत्साहित किया ताकि यह संदेश पूरे देश में गूंजे।

मंच पर ही केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह तथा उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक का संदेश पढ़कर सुनाया।

इस दौरान पहले से देहदान करने वालों के परिजनों और सर्वाधिक बार रक्तदान करने वालों को सम्मानित किया गया। इन सबको केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने सम्मानित किया। संचालन दिगम्बर सिंह धाकरे और रीनेश मित्तल ने किया।

SP singh baghel
पत्रकारों से बात करते प्रो. एसपी सिंह बघेल और डॉ. मनसुख मंडाविया

कार्यक्रम का शुभारम्भ भारत माता, भगवान धन्वन्तरि, पं. दीनदयाल उपाध्याय व श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। केन्द्रीय मंत्री श्री मंडाविया को राधाकृष्ण की मूर्ति भेंटकर प्रोफेसर बघेल ने स्वागत किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने 23 एकीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं और 87 ब्लॉक सार्वजनिक स्वास्थ्य इकाइयों की आधारशिला रखी। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक का उद्घाटन और अंगदान पंजीकरण का अनावरण किया।  प्रमुख सचिव, चिकित्सा शिक्षा उत्तर प्रदेश आलोक कुमार ने जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी के साथ एस0एन0 मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का निरीक्षण किया। जरूरी दिशा निर्देश दिया। सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में जांच की फैसिलिटी व आधुनिक चिकित्सा सुविधायें मिलेगी।

मंच पर उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, चौधरी बाबूलाल, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. धर्मपाल सिंह, डॉ. आकाश अग्रवाल, विजय शिवहरे, मंडलायुक्त ऋतु माहेश्वरी, पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह, जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी, अशफाक सैफी, गौरव शर्मा, नवीन गौतम समेत अनेक लोग विराजमान रहे।

x
90 वर्षीय श्री बहादुर सिंह धाकरे (पूर्व प्रधान) ने अपने पुत्र दिगम्बर सिंह धाकरे और 36 परिजनों समेत अंगदान की प्रतिज्ञा की। केन्द्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने एक्स पर बधाई दी।

 

SN Medical college Agra में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ब्लॉक का उद्घाटन, होटल जैसी सुविधा

Dr. Bhanu Pratap Singh