इस साल हनुमान जयंती 23 अप्रैल मंगलवार के दिन है. मंगलवार का दिन भगवान हनुमान को समर्पित होता है. इसलिए इस बार हनुमान जयंती और भी खास होने वाली है. हनुमान जयंती हर साल राम नवमी के छह दिन बाद चैत्र पूर्णिमा को मनाई जाती है.
रामनवमी के छह दिन बाद हनुमान जयंती
हर साल चैत्र शुक्ल की नवमी तिथि को राम नवमी का त्योहार प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है. इस साल देश में राम नवमी 17 अप्रैल 2024 को मनाई गई. वहीं इसके छह दिन बाद यानी चैत्र पूर्णिमा के दिन हनुमान जी का जन्मोत्सव मनाया जाता है, जोकि 23 अप्रैल 2024 को पड़ रही है.
तुलसीदास ने हनुमान चालीसा में लिखा है, ‘भीम रूप धरि असुर संहारे, रामचंद्रजी के काज संवारे.’ यानी रामजी सबके बिगड़े कार्य बनाते हैं, लेकिन हनुमान जी उनके काम बनाते हैं. इसलिए कहा जाता है कि, हनुमान जी का जन्म प्रभु राम की सहायता और बिगड़े काम बनाने के लिए हुआ.
विष्णु के 7वें अवतार राम तो शिव के 11वें रुद्रावतार हैं हनुमान
भगवान राम का जन्म श्रीहरि विष्णु के 7वें अवतार के रूप में धरती पर त्रेतायुग में हुआ. वहीं हनुमान जी को भगवान शिव का 11वां रूद्रावतार कहा जाता है. विष्णु जी के 7वें अवतार यानी भगवान राम का जन्म धरती लोक पर असुरों के संहार के लिए मानव रूप में हुआ लेकिन इससे शिवजी चिंतित हो गए और रामजी की सहायता के लिए उन्होंने स्वयं हनुमानजी के रूप में जन्म लेकर रामजी की सहायता की.
हनुमान जयंती का शुभ मुहूर्त
चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 23 अप्रैल को सुबह 3 बजकर 25 मिनट से शुरू होगी और 24 अप्रैल को सुबह 5 बजकर 18 मिनट पर समाप्त होगी. इसलिए इस साल हनुमान जयंती 23 अप्रैल 2024 दिन मंगलवार को मनाई जाएगी.
माना जाता है कि भगवान हनुमान अपनी इच्छानुसार कोई भी आकार धारण करने, चट्टानों को मोड़ने, पहाड़ों को हिलाने, हवा में छलांग लगाने और उड़ान की गति में गरुड़ को मात देने में सक्षम हैं. उन्हें बुरी आत्माओं को भगाने की शक्ति रखने वाले देवता के रूप में माना जाता है.
उन्हें भगवान शिव का अवतार माना जाता है और वे धैर्य, दृढ़ता और निष्ठा के प्रतीक हैं. इसलिए भक्त उनका आशीर्वाद पाने और उनके गुणों को प्राप्त करने के लिए हनुमान जयंती के दिन भगवान हनुमान की पूजा करते हैं.
– एजेंसी
- ’माफिया और मच्छर की तरह इंसेफेलाइटिस भी हुआ समाप्त’: सीएम योगी बोले— नए गोरखपुर और नए उत्तर प्रदेश का हो रहा दर्शन - September 17, 2026
- पेट्रोल पंपों पर बढ़ सकता है कैश का चलन: 2000 रुपये से अधिक के यूपीआई भुगतान पर 5 रुपये एमडीआर के विरोध में डीलरों ने दी चेतावनी - September 16, 2026
- Agra News: सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर महापौर से मिला सेनेटरी सुपरवाइजर संघ, वेतन विसंगतियों और ईएसआई कार्ड न मिलने पर जताया रोष - September 16, 2026