महुआ की लोकसभा सदस्यता खत्म पर ममता बनर्जी ने कहा, ये बदले की राजनीति

POLITICS

 

महुआ मोइत्रा की लोकसभा सदस्यता खत्म पर तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने कहा कि ये बीजेपी की बदले की राजनीति है, उन्होंने लोकतंत्र की हत्या की। ममता ने कहा कि यह अन्याय है और महुआ लड़ाई जीतेगी, जनता उन्हें न्याय देगी।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अगले चुनाव में हार जाएगी। ममता ने कहा- “मैं आपको बता रही हूं कि महुआ मोइत्रा परिस्थितियों की शिकार है। मैं इसकी कड़ी निंदा करती हूं, यह लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। ममता ने कहा कि हमारी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर लड़ेगी।”

क्या बोले विपक्षी दल?

महुआ के खिलाफ हुए एक्शन पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि यह फैसला आधारहीन तथ्यों के आधार पर और बदले की भावना से किया गया है। शिवसेना यूबीटी की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि आरोप लगाने वाले के बयान के आधार पर ये फैसला लिया गया। यह फैसला न्याय की स्वाभाविक प्रक्रिया के ख़िलाफ है।

तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा की लोकसभा सदस्यता शुक्रवार को रद्द कर दी गई है। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सांसद महुआ मोइत्रा के निष्कासन का प्रस्ताव पेश किया था जिसे सदन में ध्वनिमत से मंजूरी दे दी गई। महुआ के खिलाफ ये एक्शन कैश फोर क्वेरी यानी पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने के केस में लिया गया है।