आगरा के इरादत नगर में जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: लाठी-डंडों के साथ चलीं गोलियां, एक महिला घायल

Crime

आगरा। ताजनगरी आगरा के थाना इरादत नगर क्षेत्र स्थित चंदीपुरा गांव में मंगलवार को जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक और खूनी संघर्ष हो गया। जमीन के पुराने विवाद को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते भारी मारपीट और भीषण हंगामे में तब्दील हो गई।

दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले और इसी बीच ताबड़तोड़ फायरिंग होने का मामला भी सामने आया। फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में उपजे भारी तनाव को देखते हुए कई थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदीपुरा गांव में एक भूखंड पर कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों के बीच पिछले काफी समय से विवाद चला आ रहा था। मंगलवार को इसी जमीन को लेकर दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। शुरुआत में तीखी नोकझोंक हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला उग्र हो गया। दोनों तरफ के लोग हथियार और लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े।

फायरिंग में महिला को लगी गोली, चीख-पुकार के बीच आगरा रेफर

​संघर्ष के दौरान ही अचानक गोलियां चलने की आवाज से पूरा इलाका थर्रा उठा। इसी गोलाबारी के बीच एक महिला गोली लगने से लहूलुहान होकर गिर पड़ी। महिला के घायल होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला को गोली किस पक्ष की ओर से और किन परिस्थितियों में लगी है।

​इरादत नगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को तुरंत उपचार के लिए आगरा के उच्च अस्पताल भेजा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आसपास के कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर गांव में तैनात कर दिया गया है, जिससे शांति व्यवस्था बनी रहे और दोबारा कोई अप्रिय घटना न घटे।

​सोशल मीडिया पर वायरल हुए मारपीट के वीडियो, पुलिस पड़ताल में जुटी

उधर, घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे भांजते और हंगामा करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने इन सभी वीडियो को अपनी जांच का हिस्सा बना लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल फुटेज के आधार पर उपद्रवियों और गोलीबारी करने वाले लोगों को चिह्नित किया जा रहा है, तथा दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh