पंजाब में फिर एक हुए बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल: अमित शाह ने किया गठबंधन का आधिकारिक ऐलान

POLITICS

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच औपचारिक गठबंधन का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने आगामी चुनाव में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर भी पार्टी का रुख पूरी तरह साफ कर दिया।

अमित शाह ने घोषणा की कि पंजाब में शिरोमणि अकाली दल ‘बड़े भाई’ की भूमिका में रहेगा और दोनों दल मिलकर राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि बड़ा भाई ही मुख्यमंत्री होगा, यानी अकाली दल का नेता ही गठबंधन का सीएम चेहरा बनेगा। बताया जा रहा है कि उच्चस्तरीय बैठक के दौरान ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोन आया, जिसके बाद इस ऐतिहासिक गठबंधन पर अंतिम मुहर लग गई।

​’अकाली दल एनडीए का आधिकारिक सहयोगी, मिलकर तय करेंगे सीट शेयरिंग’

​गठबंधन के इस महत्वपूर्ण ऐलान के साथ ही गृहमंत्री अमित शाह ने दोनों पार्टियों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर मैदान में उतरने का कड़ा संदेश दिया है। हालांकि, सीट शेयरिंग (सीटों के बंटवारे) को लेकर फिलहाल दोनों दलों ने आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए हैं। इस पर अमित शाह ने कहा कि सीट बंटवारे का फॉर्मूला दोनों दल आपसी सहमति से मिलकर तय कर लेंगे।

उन्होंने कहा कि आज से शिरोमणि अकाली दल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के एक आधिकारिक सहयोगी के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने याद दिलाया कि दोनों दलों ने दशकों तक साथ मिलकर कई चुनाव लड़े हैं, जिनमें हार और जीत दोनों का सामना किया, लेकिन दोनों का रिश्ता हमेशा अटूट रहा है।​

‘जनभावनाओं का प्रतीक है यह गठबंधन’: सुखबीर सिंह बादल

​वहीं, एनडीए में वापसी पर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पंजाब में बीजेपी और अकाली दल का यह गठबंधन वास्तव में प्रदेश की जनता की भावनाओं और आकांक्षाओं को दर्शाता है। समाज का हर वर्ग और हर धर्म के लोग यही चाहते थे कि पंजाब के विकास और शांति के लिए अकाली दल और बीजेपी एक बार फिर से एक मंच पर आएं।

​31 दिसंबर 2029 तक नशा मुक्त पंजाब बनाने का संकल्प

​चुनावी मुद्दों की रूपरेखा रखते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बताया कि यह गठबंधन पंजाब से नशा मुक्ति, भ्रष्टाचार के खात्मे और राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूती देने के संकल्प के साथ चुनाव लड़ेगा। उन्होंने एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि 31 दिसंबर 2029 तक हम पंजाब की धरती से नशे का पूरी तरह सफाया कर देंगे।

2020 में किसान आंदोलन के बाद टूटा था सालों पुराना रिश्ता

​गौरतलब है कि पंजाब में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन दशकों पुराना और बेहद मजबूत माना जाता था। हालांकि, वर्ष 2020 में केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों और किसान आंदोलन के मुद्दे पर अकाली दल ने एनडीए से अपना नाता तोड़ लिया था।

इसके बाद वर्ष 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था, जहां दोनों को ही करारा झटका लगा—बीजेपी को केवल 2 सीटें मिली थीं, जबकि अकाली दल महज 3 सीटों पर सिमट कर रह गया था। अब एक बार फिर दोनों राजनीतिक ताकतों के एकजुट होने से पंजाब का चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh