शादी का झांसा देकर 8 साल तक शारीरिक शोषण? सिपाही पर गाजियाबाद की युवती ने लगाए गंभीर आरोप, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार

Crime

आगरा। ताजनगरी आगरा में खाकी को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गाजियाबाद निवासी एक युवती ने बसई अरेला थाने में तैनात एक सिपाही पर शादी का झांसा देकर आठ वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का संगीन आरोप लगाया है। पीड़िता ने आगरा पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है और आरोपी पुलिसकर्मी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। सिपाही पर इस तरह के गंभीर आरोप लगने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

​2018 में कोचिंग के दौरान हुई थी मुलाकात, सिपाही बनने के बाद भी देता रहा झांसा

पीड़िता के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम वर्ष 2018 से शुरू हुआ था। उस समय वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग कर रही थी, जहां उसकी मुलाकात आरोपी युवक से हुई। युवक भी उस दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी में जुटा था। कोचिंग के दौरान दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई, जो समय के साथ प्रेम संबंध में बदल गई।

पीड़िता का आरोप है कि युवक ने उससे शादी करने का पक्का वादा किया था, जिस पर भरोसा करके उसने उस पर विश्वास जताया। शादी का झांसा देकर आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।​

इसी बीच युवक का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर हो गया। खाकी वर्दी पहनने के बाद भी उसने युवती से शादी का वादा दोहराया और संबंध बनाए रखे। वर्तमान समय में उसकी तैनाती आगरा के थाना बसई अरेला में है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार यह कहकर उसे दिलासा देता रहा कि वह जल्द ही अपने परिजनों को शादी के लिए राजी कर लेगा, और इसी आश्वासन की आड़ में वह आठ साल तक उसका शोषण करता रहा।​

शादी की बात आई तो साफ किया इनकार, पीड़िता पहुंची कमिश्नर दफ्तर

युवती का कहना है कि इतने वर्षों का समय बीतने के बाद जब उसने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी सिपाही अपने वादे से पूरी तरह मुकर गया और साफ इनकार कर दिया। आठ वर्षों तक शादी का सपना दिखाकर शोषण किए जाने के बाद धोखा मिलने से पीड़िता मानसिक रूप से टूट गई। आखिरकार न्याय न मिलने पर उसने आगरा पुलिस आयुक्त के समक्ष उपस्थित होकर अपनी शिकायत सौंपी।

​शिकायत पत्र में पीड़िता ने आरोपी सिपाही के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोरतम विभागीय व वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आयुक्त कार्यालय से शिकायत पत्र को तत्काल संबंधित उच्चाधिकारियों के पास जांच हेतु भेज दिया गया है, जिसके आधार पर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Dr. Bhanu Pratap Singh