गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 36वें स्थापना दिवस समारोह में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश और दुनिया के बड़े उद्यमी भी निवेश के लिए गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश का रुख कर रहे हैं।
सीएम योगी ने बताया कि गीडा स्थापना दिवस के अवसर पर शिवावतारी महायोगी गुरु गोरखनाथ की पावन धरा पर ₹408 करोड़ की लागत से जुड़ी 114 निवेश परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। साथ ही ट्रेड शो व प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए ₹6,139 करोड़ की निवेश परियोजनाओं के लिए 115 औद्योगिक इकाइयों को भूखंड आवंटन-पत्र भी वितरित किए गए।
उन्होंने कहा कि गीडा की स्थापना के शुरुआती वर्षों में संस्थान कई समस्याओं से जूझता रहा। 1998 तक यहां गतिविधियां लगभग ठप थीं, हालात इतने खराब थे कि आए दिन धरना-प्रदर्शन और फायरिंग की घटनाएं तक होती थीं। उस दौर में सरकार का ध्यान विकास पर नहीं था, वहीं गोरखपुर इंसेफलाइटिस जैसी भयावह बीमारी से जूझ रहा था, जो बच्चों के लिए जानलेवा साबित होती थी।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं। बदलते भारत के साथ उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। डबल इंजन की सरकार आने के बाद राज्य को 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले, जिनमें से 15 लाख करोड़ के प्रस्ताव जमीन पर वास्तविक रूप से उतर चुके हैं। सरकार ने इसके लिए सुरक्षित और पारदर्शी माहौल तैयार किया है—न गुंडागर्दी, न गुंडा टैक्स और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस।
उन्होंने कहा कि यह केवल बयान नहीं, बल्कि प्रदेश की नई कार्यशैली का भाव है, जिसकी वजह से उत्तर प्रदेश आज कानून-व्यवस्था के मामले में एक मॉडल स्टेट के रूप में स्थापित हो चुका है।
- आगरा में सर्राफ से ₹10 लाख की लूट: बिचपुरी में दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यापारी को बदमाशों ने घेरा, सोना और चाबियां लेकर फरार - March 17, 2026
- आगरा में राज्य महिला आयोग अध्यक्ष का बड़ा फैसला: मुस्लिम महिलाओं के लिए बनेगा स्पेशल ऐप, घर बैठे दर्ज होंगी शिकायतें - March 17, 2026
- आगरा का प्राचीन गोकुलपुरा गणगौर मेला 21 मार्च से: भस्मासुर दहन और भव्य शोभायात्रा होगी मुख्य आकर्षण - March 17, 2026