आगरा। नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी के भव्य रथयात्रा दर्शन सम्पन्न हुए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में उपस्थित होकर ठाकुरजी के अलौकिक स्वरूप के दर्शन किए और प्रभु की कृपा का लाभ प्राप्त किया।
मंदिर के मुख्य सेवायत हरिमोहन गोस्वामी एवं सुनीत गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्ग में रथयात्रा प्रभु श्री जगन्नाथ के प्रति अगाध प्रेम तथा गोपियों के भाव की अभिव्यक्ति है। इस उत्सव में भक्त प्रभु को अपने हृदय में विराजमान कर उन्हें ब्रज लाने की भावना से रथयात्रा दर्शन करते हैं। यह पर्व इस संदेश को भी प्रकट करता है कि भगवान स्वयं अपने भक्तों के सुख-दुःख में सहभागी होने के लिए उनके बीच पधारते हैं।
मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने बताया कि पुष्टिमार्ग में यह दिन श्री गुसाईंजी (श्री विट्ठलनाथ जी) द्वारा स्थापित रथयात्रा परंपरा का स्मरण कराने वाला अत्यंत पावन पर्व है। साथ ही यह दिन श्री महाप्रभु वल्लभाचार्य की असुरव्यामोह लीला के भावपूर्ण स्मरण का भी विशेष अवसर माना जाता है।
रथयात्रा दर्शन के अवसर पर ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी का विशेष श्रृंगार किया गया। ठाकुरजी को मनोहारी पाग, सीरपेच, कुंडल, कड़ा तथा आकर्षक पुष्पमालाओं से अलंकृत कर दिव्य स्वरूप में विराजमान किया गया। भक्तों ने भजन-कीर्तन, संकीर्तन और जयघोष के मध्य प्रभु के रथयात्रा दर्शन कर भावविभोर होकर आराधना की।
- यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव का बड़ा एलान, ‘सपा सरकार बनने पर शिक्षामित्रों को बनाएंगे शिक्षक और लागू करेंगे ओल्ड पेंशन स्कीम’ - September 28, 2026
- गंगा एक्सप्रेसवे पर जलभराव और मछली पकड़ने के वायरल वीडियो पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव का तंज, बोले- ‘भाजपाई अभी मच्छी मार रहे हैं, चुनाव बाद मक्खी मारेंगे’ - September 28, 2026
- आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार खेत में पलटने से युवती की मौत और दो युवक घायल - September 28, 2026