आगरा के महापौर रहे नवीन जैन राज्य सभा सांसद का चुनाव जीत गए हैं। उन्हें कुल 38 वोट मिले हैं। नवीन जैन की जीत से आगरा में खुशी की लहर है। नवीन जैन की जीत को भारतीय जनता पार्टी के साधारण कार्यकर्ताओं की जीत के रूप में देखा जा रहा है। इस कारण भाजपा कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। भाजपा ने नवीन जैन को उत्तर प्रदेश से राज्य सभा का प्रत्याशी बनाया था।
भाजपा कार्यकर्ताओं का भी स्वर्णिम काल
नवीन जैन ने राज्य सभा सांसद बनने के बाद कहा- भारत के अमृतकाल के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं का भी स्वर्णिम काल चल रहा है। पार्टी के साधारण कार्यकर्ता ही आज राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल जैसे प्रमुख पदों पर हैं। यह सिर्फ भाजपा में ही संभव है। उन्होंने अपने निर्वाचन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, शीर्ष नेतृत्व और विधायकों का आभार प्रकट किया है।
लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे
बता दें कि नवीन जैन फतेहपुर सीकरी और फिरोजाबाद से लोकसभा सीट का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। वे चाहते थे कि पार्टी किसी एक क्षेत्र से टिकट दे, वे सीट निकालकर दिखाएंगे। भाजपा ने उन्हें राज्यसभा में भेज दिया। नवीन जैन के राजनैतिक जीवन की खास बात यह भी है कि उन्होंने अब तक जितने भी चुनाव लड़े हैं, सभी में विजयश्री हासिल की है।
नवीन जैन का राजनीतिक सफर
62 वर्षीय सांसद नवीन जैन 44 वर्ष पूर्व भारतीय जनता पार्टी के प्राथमिक सदस्य बने। इससे पहले वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ सामाजिक कार्य कर रहे थे। कितनी ही विपरीत परिस्थितियां आईं लेकिन नवीन जैन पार्टी के प्रति सदैव निष्ठावान रहे। पार्टी ने उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी, उसका निर्वहन दम-खम के साथ किया। यही कारण है कि पार्टी ने सांसद बना दिया। आगरा के महापौर के रूप में नवीन जैन ने अनेक उल्लेखनीय कार्य किए। नवीन जैन के लिए राजनीति सेवा का माध्यम है। वे पीएनसी कंपनी के निदेशक हैं जो देशभर में हाईवे का निर्माण और टोल टैक्स संग्रहण का काम करती है।
जानते हैं नवीन जैन के राजनीतिक सफर के बारे में
1980 में बीजेपी के वार्ड अध्यक्ष बने।
1989 में भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर नगर निगम आगरा के पार्षद चुने गए।
1995 में दूसरी बार पार्षद चुने गए।
1997 में आगरा के डिप्टी मेयर चुने गए।
2010 से 2019 तक भाजपा बृज क्षेत्र कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली।
2017 में भाजपा ने आगरा मेयर उम्मीदवार घोषित किया। शानदार जीत हासिल की और आगरा के महापौर बने।
2019 में ऑल इंडिया मेयर काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए। पहली बार आगरा के मेयर को यह पद मिला।
2019 में उत्तर प्रदेश भाजपा के सह कोषाध्यक्ष बनाए गए।
2024 में सांसद (राज्य सभा)
20 हजार करोड़ की कंपनी के मालिक फिर भी विनम्रः डॉ. रामबाबू हरित
नवीन जैन के साथ पार्षद रहे और पूर्व मंत्री डॉ. रामबाबू हरित ने कहा कि नवीन जैन का राज्यसभा सांसद बनना आगरा के लिए गौरव की बात है। वे अत्यंत सज्जन और श्रेष्ठ विचारों के व्यक्ति हैं। हमारी पार्टी ने ऐसे व्यक्ति को राज्यसभा में भेजा है, जिसकी कंपनी पीएनसी का कारोबार $58.13 बिलियन डॉलर का है और इसके बाद भी अत्यधिक विनम्र हैं। उनमें अहंकार नाम की चीज नहीं है। वे ईमानदारी के लिए प्रसिद्ध हैं। महापौर के रूप में उन्होंने आगरा का समेकित विकास किया है। नवीन जैन के राज्यसभा सांसद बनने से आगरा और आसपास के जिलों के सभी कार्यकर्ताओं को लाभ मिलेगा।
ईमानदारी के कारण नगर निगम में धाक थीः सुभाष भिलावली
नवीन जैन के साथ दो बार पार्षद रहे सुभाष भिलावली ने उत्साहित होकर कहा कि जब मैं भाजयुमो आगरा का अध्यक्ष था जब नवीन जैन मेरे साथ महामंत्री थे। हमारा साथी राज्यसभा सांसद बना है, इससे अधिक खुशी की बात हो नहीं सकती है। आगरा के मेयर के रूप में उन्होंने ऐसे काम किए हैं जो कोई और कर नहीं सका है। ईमानदारी के कारण नगर निगम में उनकी धाक रहती थी और इशारे पर काम होते थे। नवीन जैन के कारण आगरा में और खुशहाली आएगी।
खुशी कि हमारा साथी पार्षद से सांसद बनाः प्रतूल भार्गव
पूर्व पार्षद प्रतूल भार्गव कहते हैं कि नवीन जैन अत्यंत सहज और सरल व्यक्तित्व के धनी हैं। हर कार्यकर्ता का ख्याल रखते हैं। खुशी है कि आज हमारा साथी पार्षद से सांसद तक पहुंचा है। ऐसे प्रतिभा संपन्न व्यक्ति को केंद्रीय मंत्री बनाया जाना चाहिए। राज्य सभा सांसद यूं तो राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर काम करते हैं लेकिन हमें आशा है कि वे अपने आगरा का ध्यान रखेंगे।
- Indore to Host 7-Day Sickle Cell Awareness Campaign (June 13-20) Ahead of World Sickle Cell Day - June 17, 2025
- Agra News: मूंग और मक्का के समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए सरकारी केंद्र खोलने की मांग, किसानों ने कमिश्नर-डीएम को ज्ञापन सौंपा - June 16, 2025
- Agra News: मरने की कहकर घर से निकले जूता ठेकेदार को आगरा पुलिस ने उत्तराखंड से खोज निकाला, परिजनों ने ली राहत की सांस - June 16, 2025