आगरा/अलीगढ़। यमुना एक्सप्रेस वे पर बीती रात कोहरे की वजह से एक और भीषण सड़क हादसा हो गया। एक्सप्रेस वे पर अलीगढ़ जिले के सीमा क्षेत्र में एक डबल डेकर बस आगे जा रहे ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में बस में सवार पांच लोगों की मौत और 15 लोगों के घायल होने की खबर है।
जानकार सूत्रों के अनुसार इस हादसे की वजह घना कोहरा रहा। पिछले तीन दिन से आगरा और उसके आसपास के सभी जिलों में आधी रात बाद कोहरा छाने लगता है। यमुना एक्सप्रेस वे पर तो कोहरा कुछ ज्यादा ही होता है।
हादसे का शिकार हुई डबल डेकर बस दिल्ली से आजमगढ़ जा रही थी। बस में सवार यात्रियों का कहना है कि कोहरा होने के बावजूद बस का चालक तेज रफ्तार में बस दौड़ा रहा था। अलीगढ़ जिले की सीमा में यह बस आगे जा रहे एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। ट्रक में कांच की खाली बोतलें भरी हुई थीं। ट्रक के लोडेड होने के कारण टक्कर भी भीषणता और बढ़ गई।
दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आगे की सीटों पर बैठे पांच यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में एक बच्चा और तीन महिलाएं भी शामिल हैं।
सूचना मिलने के बाद एक्सप्रेस वे अथारिटी की गाड़ियां और इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। बस का अगला हिस्सा इस कदर क्षतिग्रस्त हो गया था कि बस के शीशे तोड़कर अन्य यात्रियों को बाहर निकाला गया। हादसे में घायल हुए 15 यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- विकसित भारत के संकल्प के साथ सांसद राजकुमार चाहर का जनसंपर्क: व्यापारियों और चिकित्सकों के बीच गिनाईं मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियां - June 14, 2026
- शिक्षा से समाज सुधार: ‘लक्ष्य आगरा’ की पहल से गरीब बच्चों का नवोदय और सैनिक स्कूल जाने का सपना होगा साकार, शुरू की मुफ्त कोचिंग - June 14, 2026
- Agra News: एसएन मेडिकल कॉलेज में ‘प्रबुद्ध जन संगोष्ठी’, 12 वर्षों के विकास और स्वास्थ्य क्रांति पर हुआ मंथन - June 14, 2026