ओवैसी का बड़ा सियासी ऐलान, बोले- 2027 में यूपी से योगी को और 2029 में दिल्ली की सत्ता से नरेंद्र मोदी को हटाएंगे

POLITICS

मेरठ: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को मेरठ के ऐतिहासिक नौचंदी मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए बड़ा राजनीतिक दांव खेला। ओवैसी ने हुंकार भरते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश और देश से भारतीय जनता पार्टी को केवल उनका ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ ही सत्ता से बेदखल कर सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए इस मोर्चे में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस का भी स्वागत है। इस दौरान उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक तंज कसते हुए कहा कि वे चुनाव से पहले ही हार मान चुके हैं।

ओवैसी ने जनसभा में ऐलान किया कि आजाद समाज पार्टी (ASP) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और AIMIM के बीच यह महज सियासी दलों का ही नहीं, बल्कि दिलों का अटूट गठबंधन है। यह मोर्चा पहले उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ को सत्ता से बाहर करेगा और फिर 2029 के आम चुनाव में दिल्ली से नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाएगा। उन्होंने घोषणा की कि यूपी में सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की सरकार बनने पर चंद्रशेखर आजाद को राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाकर प्रदेश में कानून का इकबाल और राज कायम किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने किसानों का पूरा कर्ज माफ करने, गन्ना किसानों को 600 रुपये प्रति क्विंटल का भाव देने और 10 दिनों के भीतर बकाये का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने का बड़ा वादा भी किया।

नौचंदी मैदान में ओवैसी का तीखा सियासी वार

मेरठ के नौचंदी मैदान में जुटी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने स्पष्ट किया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ही उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा को सत्ता में आने से रोकने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि राज्य के पिछड़े, दलित एवं अल्पसंख्यक समाज (PDA) को उनका वास्तविक अधिकार और बराबर का नेतृत्व दिलाने वाला एक बेजोड़ व मजबूत विकल्प अब सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के रूप में जनता के सामने आ चुका है।

​उन्होंने बेहद मजाकिया और सियासी लहजे में तंज कसते हुए कहा, “अब मूंछ और दाढ़ी वाले का असली गठबंधन हो गया है। इस मजबूत गठबंधन का सीधा नुकसान क्लीन शेव और क्लीन हेड वालों को भुगतना पड़ेगा।” ओवैसी ने हुंकार भरते हुए कहा कि हमारा मुकाबला बोलने में कोई कर सकता है और न ही शहादत देने में। उन्होंने वादा किया कि मोर्चे की सरकार आते ही प्रदेश में विश्वस्तरीय शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी और 10 दिनों में गन्ना मूल्य का भुगतान लागू किया जाएगा।

“यूपी को नया सीएम बनाना है”: ओवैसी

अपने भाषण के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने साफ किया कि उन्होंने चंद्रशेखर आजाद से दिल से हाथ मिलाया है और उनका एकमात्र लक्ष्य उत्तर प्रदेश को चंद्रशेखर आजाद के रूप में नया मुख्यमंत्री देना है।

उन्होंने भावुक और कड़े अंदाज में कहा, “अब हम किसी भी सियासी पार्टी के आगे न तो अपना सिर झुकाएंगे, न किसी के पास जाकर चुनावी भीख मांगेंगे और न ही किसी बड़े नेता की जनसभाओं में दरी बिछाएंगे। अब हम इंशाल्लाह ताला अपने इत्तिहाद (एकजुटता) की ताकत, हिम्मत और कूवत के बलबूते पर आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम को कामयाब और कामरान बनाएंगे।” उन्होंने आवाम से अपील की कि वे इस मोर्चे को भारी वोटों से कामयाब बनाएं, क्योंकि यही मोर्चा योगी और भाजपा के विजय रथ को रोकने की असली ताकत और सलाहियत रखता है।

सपा-कांग्रेस पर अतीत के दंगों को लेकर प्रहार

ओवैसी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर और मेरठ में हुए दर्दनाक दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि भले ही कांग्रेस और समाजवादी पार्टी इन काले पन्नों को भूल चुकी हों, लेकिन हमें इतिहास की एक-एक तारीख और हर घटना अच्छी तरह याद है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा-भाजपा के शासनकाल में प्रदेश के दलितों और मुसलमानों पर जुल्म और ज्यादतियां चरम पर पहुँची हैं।

​इस दौरान मंच से जनसभा को संबोधित करने वाले नेताओं के निशाने पर मुख्य रूप से सपा, कांग्रेस, भाजपा और बसपा रहीं। असदुद्दीन ओवैसी ने मेरठ शहर से सपा विधायक रफीक अंसारी और किठौर से सपा विधायक शाहिद मंजूर की कार्यशैली पर भी जमकर तंज कसे और उन्हें कठघरे में खड़ा किया।

Dr. Bhanu Pratap Singh