लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद दर्दनाक और इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के सआदतगंज क्षेत्र में 11 साल की मासूम बच्ची के यौन शोषण के आरोप में पुलिस ने एक मौलाना को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी मौलाना पिछले करीब एक साल से मासूम बच्ची को अपनी हैवानियत का शिकार बना रहा था। यही नहीं, दरिंदगी की हदें पार करते हुए आरोपी ने बच्ची का अश्लील वीडियो भी बना लिया था और उसे सार्वजनिक करने तथा परिवार को भेजने की धमकी देकर लगातार चुप रहने पर मजबूर करता था।
दीनी तालीम की आड़ में एक साल से कर रहा था शोषण
यह पूरा मामला लखनऊ के सआदतगंज थाना इलाके का है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी मौलाना इमरान स्थानीय मस्जिद में छोटे बच्चों को दीनी तालीम देने का काम करता था। पीड़ित मासूम बच्ची भी पिछले लगभग एक साल से वहाँ नियमित रूप से कुरान और धार्मिक शिक्षा ग्रहण करने जाती थी। आरोप है कि इसी दौरान मौलाना ने बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाना शुरू कर दिया। जब भी बच्ची इसका विरोध करती, तो आरोपी उसके साथ बुरी तरह मारपीट करता और उसका वीडियो परिवार के लोगों को भेजकर बदनाम करने की ब्लैकमेलिंग करता था।
चाइल्ड लाइन की 24 घंटे की काउंसलिंग के बाद खुला सच
इस संवेदनशील मामले का खुलासा तब हुआ, जब मोहल्ले के ही एक व्यक्ति के माध्यम से बच्ची से जुड़ा एक कथित वीडियो ‘वन स्टॉप सेंटर’ और ‘चाइल्ड लाइन’ की टीम तक पहुँचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी के सख्त निर्देशों पर तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद वन स्टॉप सेंटर की अधीक्षिका अर्चना सिंह, काउंसलर और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीम ने पीड़ित बच्ची और उसके परिजनों से संपर्क साधा।
शुरुआत में मासूम बच्ची खौफ के साए में थी और डर के मारे कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थी। टीम के सदस्यों ने लगभग 24 घंटे तक धैर्यपूर्वक बच्ची की गहन काउंसलिंग की, जिसके बाद बच्ची का डर दूर हुआ और उसने अपने साथ हुई आपबीती व घिनौनी घटनाओं की पूरी जानकारी दी।
पीड़िता ने बताया कि मौलाना रोजाना अन्य सभी बच्चों की छुट्टी करने के बाद उसे अकेले कमरे में रोक लेता था। इतना ही नहीं, आरोपी कई बार उसके घर भी पहुँच जाता था और वहाँ भी उसके साथ गलत काम करता था।
पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
पीड़ित परिवार द्वारा दी गई तहरीर और बच्ची के बयानों के आधार पर सआदतगंज थाना पुलिस ने आरोपी मौलाना इमरान के खिलाफ दुष्कर्म (Rape), मारपीट और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) समेत कई अन्य संबंधित संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
प्रशासन द्वारा पीड़ित बच्ची का चिकित्सकीय (Medical) परीक्षण भी कराया गया है, जिसकी प्रारंभिक रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात कही गयी है। इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर मासूम बच्चों की सुरक्षा, धार्मिक व शैक्षणिक संस्थानों में उनकी निगरानी और बाल संरक्षण व्यवस्था पर बेहद गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- किसान अब संसद और विधानसभा में भी बुलंद करेंगे अपनी आवाज…ठा. भानु प्रताप सिंह का बड़ा ऐलान, पांच राज्यों के चुनाव में प्रत्याशी उतारेगा किसान क्रांति दल - November 15, 2026
- लखनऊ में दरिंदगी की हदें पार! कुरान पढ़ाने की आड़ में मौलाना ने मासूम से सालभर किया दुष्कर्म, गिरफ्तार - November 15, 2026
- बलिया में छठ पर्व की खुशियां मातम में बदलीं: दो कारों में आगे निकलने की होड़ में पेड़ से टकराई कार, चार दोस्तों की मौत - November 15, 2026